NEWS अब तक

इस्राइल के रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने दावा किया है कि बीती रात ईरान में हुए हवाई हमले में अली लारीजानी की मौत हो गई है। इस्राइली सेना ने ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव अली लारीजानी को निशाना बनाकर यह हमला किया था। लारीजानी ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अली खामेनेई के बहुत करीबी माने जाते थे। खामेनेई की मौत के बाद से वह ईरान के शासन में एक बहुत बड़ा चेहरा थे। इन दावों के बीच लारीजानी के दफ्तर ने कहा है कि वे थोड़ी देर में प्रेस को संबोधित कर जानकारी देंगे। इन हमलों में इस्राइली सेना (आईडीएफ) ने बासिज फोर्स के कमांडर गुलामरेजा सुलेमानी के मारे जाने का भी दावा किया है। सेना ने बताया कि सुलेमानी को एक टेंट कैंप में निशाना बनाया गया। बासिज फोर्स ने यह कैंप तब बनाया था जब इस्राइल ने उनके पुराने मुख्यालयों को तबाह कर दिया था। इस हमले में सुलेमानी के साथ बासिज फोर्स के डिप्टी कमांडर और कई अन्य बड़े अधिकारी भी मारे गए हैं। बासिज फोर्स को ईरान में विरोध प्रदर्शनों को बेरहमी से कुचलने के लिए जाना जाता है। उन पर कई ईरानी नागरिकों की हत्या का आरोप भी थे।

आतंकियों को भी निशाना बनाया गया
इस्राइल ने केवल ईरानी नेताओं को ही नहीं, बल्कि फिलिस्तीनी आतंकी गुटों के नेताओं को भी निशाना बनाया है। सेना ने बताया कि उन्होंने फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के बड़े नेता अकरम अल-अजौरी पर भी हमला किया। सेना का मानना है कि अकरम अल-अजौरी इस हमले में मारा गया है, लेकिन इसकी पूरी तरह पुष्टि होना अभी बाकी है। अली लारीजानी के मारे जाने के दावों के बीच इस्राइल के प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स (ट्विटर) पर एक पोस्ट साझा किया। इसके कैप्सन में लिखा था कि, प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ईरानी शासन के बड़े अधिकारियों को खत्म करने का आदेश देते हुए। इस्राइली सेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने इस कार्रवाई को एक बड़ी कामयाबी बताया है। उन्होंने कहा कि रात भर चले इन हमलों में कई बड़े लक्ष्यों को खत्म किया गया है। इससे सेना के मिशन को बड़ी मजबूती मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि तेहरान के एक सुरक्षित घर में छिपे हुए उन आतंकियों को भी निशाना बनाया गया, जो गाजा और वेस्ट बैंक में आतंकी गतिविधियों में शामिल थे। इस्राइल की इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में तनाव और भी बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *