NEWS अब तक

सरिता साहनी
29 दिसम्बर, 2025


गाजीपुर टोल प्लाजा पर आम आदमी पार्टी का जोरदार प्रदर्शन
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और टोल प्लाजा पर लगने वाले भारी जाम के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने गाजीपुर टोल प्लाजा पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन भाजपा शासित एमसीडी द्वारा संचालित टोल प्लाजा को बंद कराने की मांग को लेकर किया गया। प्रदर्शन का नेतृत्व एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा और एमसीडी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दिल्लीवासियों के स्वास्थ्य से हो रहे खिलवाड़ का विरोध किया। इस मौके पर एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार, प्रीति डोगरा, स्वास्थ्य समिति के सदस्य और आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश की खुलेआम
एमसीडी में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने साफ निर्देश दिए हैं कि दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए टोल नाकों पर गाड़ियों को रोककर टैक्स वसूली नहीं की जाए। इसके बावजूद भाजपा शासित एमसीडी इन आदेशों को मानने से इनकार कर रही है। उन्होंने कहा कि टोल टैक्स की वजह से गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे वहां प्रदूषण कई गुना बढ़ जाता है। गाजीपुर टोल प्लाजा आज प्रदूषण का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन चुका है, जिसका सीधा असर दिल्ली की जनता के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है।

टोल नाकों पर लगने वाला जाम बना प्रदूषण का बड़ा कारण
अंकुश नारंग ने बताया कि टोल टैक्स नाकों पर रोजाना एक से डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगता है। सैकड़ों गाड़ियां घंटों तक खड़ी रहती हैं और उनका धुआं सीधे लोगों के फेफड़ों में जाता है। उन्होंने कहा कि आंकड़े बताते हैं कि आज दिल्ली में चार में से तीन लोग किसी न किसी बीमारी से जूझ रहे हैं। भाजपा की लापरवाही के कारण दिल्लीवासी रोजाना लगभग 15 सिगरेट के बराबर जहरीला धुआं सांस के जरिए अंदर ले रहे हैं। यह हालात बेहद डरावने हैं, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए।

जनता ने भरोसा दिया, बदले में मिली जहरीली हवा
अंकुश नारंग ने कहा कि दिल्ली की जनता ने भाजपा को विधानसभा, लोकसभा और एमसीडी में भरपूर समर्थन दिया। इसके बावजूद आज वही जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है। उन्होंने आरोप लगाया कि सिर्फ थोड़ी सी कमाई के लिए भाजपा ने दिल्लीवासियों की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश आने के बाद भी भाजपा के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

टोल टैक्स तुरंत बंद हों, जनता की जान ज्यादा जरूरी
आम आदमी पार्टी की तरफ से अंकुश नारंग ने साफ मांग रखी कि दिल्ली के सभी टोल टैक्स प्लाजा तुरंत प्रभाव से बंद किए जाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा की चार इंजन वाली सरकार के पास फंड की कोई कमी नहीं है। अगर राजस्व की जरूरत है तो वह केंद्र सरकार या दिल्ली सरकार से पूरी की जा सकती है, लेकिन जनता की जान से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने ऐलान किया कि यह मुद्दा न सिर्फ समिति में, बल्कि एमसीडी सदन में भी जोरदार तरीके से उठाया जाएगा।

गाजीपुर ही नहीं, सभी टोल प्लाजा बंद कराएगी
अंकुश नारंग ने कहा कि आम आदमी पार्टी गाजीपुर के साथ-साथ कालिंदी कुंज, टिकरी बॉर्डर और रजोकरी के सभी टोल टैक्स नाकों को बंद कराने के लिए आंदोलन करेगी। पार्टी का उद्देश्य है कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पूरी तरह पालन हो और दिल्ली की जनता खुली और साफ हवा में सांस ले सके।

रात में दिल्ली बन जाती है गैस चैंबर प्रवीण कुमार
एमसीडी सह-प्रभारी प्रवीण कुमार ने कहा कि टोल प्लाजा पर दिन ही नहीं, बल्कि रात के समय हालात और भी भयावह हो जाते हैं। ट्रकों और भारी वाहनों की वजह से पूरी दिल्ली गैस चैंबर में बदल जाती है। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को 15 दिन बीत चुके हैं, लेकिन टोल प्लाजा उसी तरह चल रहे हैं। भाजपा शासित एमसीडी को न बच्चों की सांसों की चिंता है और न बुजुर्गों की सेहत की। उन्हें सिर्फ अपनी कमाई की चिंता है।

भाजपा के लिए कमाई पहले, जनता बाद में
प्रवीण कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा आम आदमी के तंदूर तो बंद कर सकती है, लेकिन अपने कमाई के अड्डे बंद नहीं कर सकती। टोल टैक्स के ठेकेदारों से मिलने वाला चंदा भाजपा के लिए ज्यादा अहम है, जनता का स्वास्थ्य नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा का नारा था “400 पार”, लेकिन आज दिल्ली में AQI 400 के पार जा रहा है। यह बेहद शर्मनाक स्थिति है।

प्रदूषण नियंत्रण तक टोल टैक्स पूरी तरह बंद हो प्रीति डोगरा
एमसीडी सह-प्रभारी प्रीति डोगरा ने कहा कि जब तक प्रदूषण पर काबू नहीं पाया जाता, तब तक टोल टैक्स पूरी तरह बंद कर देना चाहिए। लेकिन पैसा कमाने, भ्रष्टाचार करने और ठेकेदारों की जेबें भरने के लिए इस पर कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि न भाजपा शासित एमसीडी सुन रही है, न दिल्ली सरकार और न ही केंद्र सरकार। सत्ता के नशे में भाजपा पूरी तरह अंधी हो चुकी है।

बच्चों और बुजुर्गों की सांसों से खेल रही है भाजपा
प्रीति डोगरा ने कहा कि भाजपा यह भूल गई है कि सत्ता जनता की वजह से मिलती है। आज वही जनता प्रदूषण में दम तोड़ने को मजबूर है। गाजीपुर में हाल ही में आग लगने के बाद AQI 800 के पार चला गया था। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आंख-कान बंद करके नहीं बैठ सकतीं। गरीब जनता के पास महंगे एयर फिल्टर नहीं हैं। सत्ता सिर्फ पांच साल की होती है और जनता समय आने पर जवाब जरूर देगी।

दिल्ली की सांसें बचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा
आम आदमी पार्टी नेताओं ने साफ कहा कि यह लड़ाई राजनीति की नहीं, बल्कि दिल्ली की जनता की सांसों की है। जब तक टोल टैक्स नाके बंद नहीं होते और प्रदूषण पर ठोस कदम नहीं उठाए जाते, तब तक आप का संघर्ष जारी रहेगा। पार्टी का संकल्प है कि दिल्ली को गैस चैंबर बनने से बचाया जाए और हर दिल्लीवासी को साफ हवा में सांस लेने का हक मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *