
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची जारी कर दी है। इस सूची में कई बड़े और चौंकाने वाले नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली को टिकट दिया गया है। वहीं, नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के भाई दिब्येंदु अधिकारी को भी उम्मीदवार बनाया गया है। इससे चुनावी माहौल और गरमा गया है। भाजपा ने दूसरी सूची में 111 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। इससे पहले पार्टी 144 सीटों पर उम्मीदवार उतार चुकी थी। अब तक कुल 255 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा हो चुकी है, जबकि 39 सीटों पर अभी भी फैसला बाकी है। इन नामों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की कई बैठकें हुईं, जिसकी अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की।
मई को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे
नई सूची में निसिथ प्रमाणिक को मथाभांगा, शंकर अधिकारी को चोपड़ा, कौस्तव बागची को बैरकपुर और अरूप चौधरी को कामरहाटी से टिकट मिला है। वहीं रेखा पात्रा को हिंगलगंज, रूपा गांगुली को सोनारपुर दक्षिण, प्रियंका टिबरेवाल को एंटली और तपस रॉय को मानिकतला से उम्मीदवार बनाया गया है। इस सूची में कुछ बड़े बदलाव भी देखने को मिले हैं। हिरण चटर्जी को खड़गपुर सदर से हटाकर श्यामपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। पहले उनके टिकट को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, लेकिन पार्टी ने उन्हें नई सीट से मौका देकर चौंका दिया है। साथ ही, पहली सूची में कुछ बदलाव भी किए गए हैं। बिष्णुपुर (एससी) विधानसभा सीट पर भाजपा ने बदलाव करते हुए अब विस्वजीत खान को उतारा है। वहीं, जॉयपुर विधानसभा में बिस्वजीत महतो को भाजपा ने समर्थन दिया है। इससे पहले भाजपा ने सोमवार को भाजपा ने 144 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी, जिनमें कई दिग्गजों के नाम शामिल थे। बता दें, कि पश्चिम बंगाल में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। 23 अप्रैल को पहले चरण के चुनाव में 152 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा, जबकि 29 अप्रैल को दूसरे चरण के चुनाव में 142 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इसके साथ ही, चार मई को चुनाव के परिणाम घोषित किए जाएंगे।