
भाजपा नेता और फिल्म अभिनेता मिथुन चक्रवर्ती ने पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। कूचबिहार में एक कार्यक्रम के दौरान मिथुन ने आरोप लगाया कि बंगाल में जानबूझकर ऐसे हालात बनाए जा रहे हैं, जो कश्मीर फाइल्स में दिखाए गए घटनाक्रम से मिलते-जुलते हैं। भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने आगे कहा कि लक्ष्मी भंडार योजना खराब नहीं है और लोगों को इसका लाभ लेना चाहिए, क्योंकि यह उनका ही पैसा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से देशभर में लोग लाभान्वित हो रहे हैं, लेकिन पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इसे लागू नहीं होने दे रहीं, क्योंकि इससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रचार होगा। मिथुन ने आरोप लगाया कि बंगाल में न नौकरियां हैं, न कारखाने, न विकास- हर तरफ सिर्फ भ्रष्टाचार है।
बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिशें की जा रही
उन्होंने आगे आरोप लगाया कि राज्य में बांग्लादेश जैसे हालात बनाने की कोशिशें की जा रही हैं। मिथुन ने कहा कि हाल ही में दीपू दास मामले के विरोध में प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बेरहमी से लाठीचार्ज किया और 18 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा नेता ने सवाल उठाया कि हम किसी घटना के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन भी नहीं कर सकते। बांग्लादेश में घटना होती है और यहां बंगाल में हिंदुओं पर हमला किया जाता है। यह किस तरह का न्याय है? मिथुन चक्रवर्ती ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध की आवाज दबाना बेहद खतरनाक संकेत है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर हालात ऐसे ही रहे तो इसका असर सिर्फ बंगाल तक सीमित नहीं रहेगा।