
भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन की बीएमसी चुनावों में शानदार जीत हासिल की है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निकाय चुनावों में मिली जीत के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण को फोन किया और बधाई दी। फडणवीस जल्द ही मुंबई में राज्य भाजपा मुख्यालय जाएंगे, जहां उनका भव्य स्वागत होगा। वह पार्टी कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे और उन्हें जीत की बधाई देंगे। बीएमसी चुनावों में भाजपा-शिवसेना महायुति की जीत के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम को फोन करके बधाई दी।
नगर निकायों में भी भाजपा बढ़त बनाए हुए
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने शुक्रवार को कहा कि राज्य के नगर निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहुमत की ओर बढ़ रही है और पार्टी के नेतृत्व वाला महायुति गठबंधन दो-तिहाई बहुमत हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता ने विकास के पक्ष में मतदान किया है। नागपुर में पत्रकारों से बातचीत में बावनकुले ने कहा कि रुझानों के मुताबिक भाजपा करीब 51 प्रतिशत वोट शेयर के साथ बहुमत का आंकड़ा पार करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि महायुति गठबंधन भी दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की स्थिति में है। रुझानों के अनुसार, मुंबई महानगरपालिका के 227 में से 210 वार्डों में भाजपा और उसकी सहयोगी शिवसेना आगे चल रही हैं। इसके अलावा राज्य के कई अन्य नगर निकायों में भी भाजपा बढ़त बनाए हुए है।
देवेंद्र फडणवीस के विजन पर जनता ने भरोसा जताया
बावनकुले ने कहा कि नागपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा का प्रदर्शन काफी मजबूत रहा है। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विजन पर जनता ने भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली ‘डबल इंजन’ सरकारों पर अपना विश्वास दोहराया है। उल्लेखनीय है कि राज्य भर में 29 नगर निकायों के लिए गुरुवार को मतदान हुआ था, जबकि शुक्रवार को मतगणना की जा रही है।