
टी20 विश्व कप 2026 में भारत खिताब का बचाव करने उतरेगा और पूर्व भारतीय कोच रवि शास्त्री के मुताबिक, टीम इंडिया इस टूर्नामेंट की क्लियर फेवरेट है। भारत सात फरवरी को अमेरिका के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगा और ग्रुप-ए में उसे पाकिस्तान, नीदरलैंड और नामीबिया जैसी टीमों से मुकाबला करना है। रोहित शर्मा की कप्तानी में 2024 में खिताब जीतने के बाद से भारतीय टीम ने अब तक कोई सीरीज नहीं गंवाई है, जिसने उसके आत्मविश्वास को और मजबूत किया है।
अभिव्यक्त करने का मौका
आईसीसी रिव्यू के ताजा एपिसोड में बातचीत करते हुए रवि शास्त्री ने कहा कि मौजूदा टीम में कई खिलाड़ी ऐसे हैं जो अपना पहला विश्व कप खेलेंगे, और यही बात भारत के पक्ष में जा सकती है। शास्त्री ने कहा, ‘मुझे लगता है कि डिफेंडिंग चैंपियन के तौर पर भारत इस टूर्नामेंट में क्लियर फेवरेट है। खिलाड़ी-दर-खिलाड़ी तुलना करें, मौजूदा फॉर्म, मैच फिटनेस और हाल के समय में खेले गए क्रिकेट को देखें, तो भारत साफ तौर पर आगे है, खासतौर पर टॉप ऑर्डर की फॉर्म को देखकर।’ उन्होंने आगे जोड़ा, ‘कई खिलाड़ियों पर किसी तरह का अतिरिक्त बोझ नहीं है। वे अपना पहला विश्व कप खेल रहे हैं और यह उनके लिए खुद को खुलकर अभिव्यक्त करने का मौका है।’
बड़ा फर्क पैदा कर सकते
शास्त्री का मानना है कि 2024 की खिताबी टीम का अनुभव इस बार भी भारत को बड़ा फायदा देगा। जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह और कप्तान सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ी टीम को संतुलन और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा, ‘जसप्रीत बुमराह हैं, हार्दिक पांड्या शानदार फॉर्म में हैं और बल्ले व गेंद दोनों से योगदान देने की क्षमता रखते हैं। शिवम दुबे भी काफी अच्छे से आगे आए हैं।’ हालांकि शास्त्री ने यह भी कहा कि भारत चाहेगा कि तिलक वर्मा पूरी तरह फिट होकर टीम में लौटें। उन्होंने कहा, ‘भारत को उम्मीद होगी कि तिलक वर्मा फिट हों, क्योंकि वह बेहतरीन खिलाड़ी हैं। बाएं हाथ के बल्लेबाज होने के नाते वह टॉप ऑर्डर में बड़ा फर्क पैदा कर सकते हैं।’