
टी20 विश्वकप 2026 में भारतीय टीम के बेहतर प्रदर्शन के लिए बीसीसीआई ने सख्त कदम उठाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई ने अपनी सख्त नीतियों पर कायम रहते हुए टी20 वर्ल्ड कप अभियान के दौरान खिलाड़ियों के परिवारों और पार्टनर्स को उनके साथ रहने से रोक दिया है।सूत्रों के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने मांग की थी कि पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनके परिवारों को भी साथ रहने की अनुमति दी जाए। हालांकि, खबर है कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इस मांग को फिलहाल ठुकरा दिया है। बोर्ड की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी आना बाकी है।
कोविड-19 महामारी के दौरान रद्द कर दिया गया था
बता दें, टी20 वर्ल्ड कप में इंडियन टीम ग्रुप स्टेज के तीन मुकाबले भारत में ही खेलने वाली है। बीसीसीआई के नियम के मुताबिक 45 दिनों से ज्यादा चलने वाली सीरीज या टूर्नामेंट के लिए परिवार के सदस्य खिलाड़ियों के साथ 14 दिनों तक रह सकते हैं, जबकि छोटे टूर के लिए यह लिमिट घटाकर सिर्फ सात दिन कर दी गई है। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट ने क्रिकेटरों के परिवारों को उनके साथ रहने की इजाजत देने के बारे में सफाई मांगी थी, लेकिन बोर्ड ने साफ कहा कि परिवार खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगे। रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से कहा गया है, ‘बोर्ड ने साफ कर दिया है कि परिवार खिलाड़ियों के साथ नहीं रहेंगे। हालांकि, अगर वे चाहें तो अलग से इंतजाम कर सकते हैं। भारत टी20 वर्ल्ड कप के दौरान लीग फेज के तीन मैच घर पर और एक गेम कोलंबो में खेलेगा। यह मैच भारत पाकिस्तान के खिलाफ होगा। खिलाड़ियों की पत्नियों और परिवारों को खिलाड़ियों के साथ टूर पर जाने से रोकने का फैसला पिछले जनवरी में फिर से लागू किया गया था। इसे कोविड-19 महामारी के दौरान रद्द कर दिया गया था।