
पाकिस्तान को सोमवार को उस वक्त किरकिरी का सामना करना पड़ा, जब ऑस्ट्रेलियाई बिग बैश लीग में पूर्व कप्तान मोहम्मद रिजवान को उनकी ही टीम ने रिटायर्ड आउट होने को कह दिया। यह घटना बिग बैश लीग के सिडनी थंडर और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच मुकाबले में घटी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेलबर्न टीम के लिए रिजवान जब मैदान पर उतरे तो उन्हें धीमी बल्लेबाजी का खामियाजा भुगतना पड़ा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी मेलबर्न टीम ने एक वक्त 9.1 ओवर में दो विकेट गंवाकर 83 रन बना लिए थे। तभी रिजवान बल्लेबाजी के लिए उतरे। हालांकि, उनके उतरने के बाद सात रन बनाने में मेलबर्न ने दो और विकेट गंवा दिए। इसके बाद रिजवान ने हसन खान के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंद में 64 रन की साझेदारी निभाई। 18 ओवर के बाद मेलबर्न का स्कोर चार विकेट पर 154 रन था। रिजवान तब 23 गेंद में 26 रन और हसन खान 23 गेंद में 36 रन बनाकर खेल रहे थे।
आठ विकेट पर 170 रन का स्कोर खड़ा किया
18वें और 19वें ओवर के बीच ब्रेक में मेलबर्न के कप्तान विल सदरलैंड ने रिजवान को पवेलियन लौटने का इशारा किया। इसके बाद रिजवान को रिटायर्ड आउट होकर वापस लौटना पड़ा। हालांकि, सदरलैंड भी नहीं चले और एक रन बनाकर रन आउट हो गए। हसन खान ने 31 गेंद में एक चौका और चार छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। वहीं, टिम सीफर्ट ने 25 गेंद में 29 रन और जोश ब्राउन ने 25 गेंद में 35 रन बनाए। इसकी बदौलत मेलबर्न रेनेगेड्स ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 170 रन का स्कोर खड़ा किया।
दरकिनार नहीं किया जा सकता
नियम 25.4.3 के मुताबिक, अगर बल्लेबाज 25.4.2 में बताए गए कारण के अलावा किसी कारण से वापस पवेलियन लौट जाता है, उस स्थिति में सिर्फ विपक्षी कप्तान की अनुमति पर ही वह बैटर बल्लेबाजी के लिए वापस क्रीज पर आ सकता है। अगर विपक्षी टीम का कप्तान अनुमति नहीं देता है और उसकी बल्लेबाजी जारी नहीं रह सकती, तब उस बल्लेबाज को रिटायर्ड आउट माना जाता है। इसके नियम 25.4.1 के मुताबिक, कोई बल्लेबाज गेंद नहीं फेंके जाने की स्थिति में कभी भी रिटायर हो सकता है। खेल शुरू होने से पहले हालांकि, अंपायर को बल्लेबाज के वापस जाने का कारण बताना होता है। इसके बाद ही अगली गेंद फेंकी जाती है। नियम 25.4.2 के मुताबिक, अगर बल्लेबाज किसी बीमारी, चोट और कोई ऐसी गंभीर परिस्थिति, जिसको दरकिनार नहीं किया जा सकता और वह खेलने में असमर्थ में होता है और पवेलियन लौट जाता है, उस स्थिति में बल्लेबाज को रिटायर्ड नॉट आउट कहा जाता है।