NEWS अब तक

केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को कांग्रेस नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता नई योजना ‘VB-G RAM G’ (विकसित भारत-रोजगार आजीविका मिशन) के बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं। चौहान ने जोर देकर कहा कि नया कानून काम के अधिकार को पहले से ज्यादा मजबूत करेगा। एक प्रेस वार्ता में शिवराज ने कहा कि विपक्ष यह झूठ फैला रहा है कि नई योजना में रोजगार केवल कुछ पंचायतों में ही मिलेगा। उन्होंने साफ किया कि यह योजना देश की सभी पंचायतों में लागू होगी। चौहान ने कहा कि यह बयान कि काम का अधिकार छीना जा रहा है एक झूठ है। बता दें कि कांग्रेस ने दस जनवरी को मनरेगा (MGNREGA) को खत्म करने के विरोध में ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ नाम से 45-दिवसीय देशव्यापी अभियान शुरू किया।

गांवों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए होगा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा, “राहुल गांधी और खड़गे गलत जानकारी देकर अपनी ही पार्टी को कमजोर कर रहे हैं। हमने काम के अधिकार को कागज से उतारकर जमीन पर मजबूत किया है।” उन्होंने बताया कि अब 100 दिनों के बजाय 125 दिन का काम दिया जाएगा। साथ ही, 15 दिनों के भीतर बेरोजगारी भत्ता देने का नियम भी बनाया गया है। मंत्री ने तुलना करते हुए कहा कि यूपीए सरकार ने मनरेगा पर करीब दो लाख करोड़ रुपये खर्च किए थे, जबकि मौजूदा सरकार ने नौ लाख करोड़ रुपये खर्च किए हैं। उन्होंने बताया कि नई योजना छह महीने में लागू हो जाएगी और तब तक मनरेगा जारी रहेगी। उन्होंने कहा राज्यों पर कोई अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ेगा। केंद्र पहले से ही ज्यादा पैसे दे रहा है। राज्य जो निवेश करेंगे, वह गांवों में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए होगा। नई ग्रामीण रोजगार योजना को लेकर केंद्र सरकार और कांग्रेस आमने-सामने हैं। शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रस्तावित कानून से ग्रामीण रोजगार, भत्ता और पंचायत स्तर पर विकास को पहले से ज्यादा मजबूती मिलेगी। वहीं कांग्रेस ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ नाम से 45-दिवसीय देशव्यापी अभियान शुरू किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *