NEWS अब तक

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को असम दौरे के बाद पश्चिम बंगाल पहुंचे। कोलकाता आगमन के साथ ही उन्होंने हुगली जिले के सिंगूर में एक सरकारी कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने सिंगूर में रैली को संबोधित किया। उन्होंने सिंगूर रैली में कहा कि बीते 24 घंटे पश्चिम बंगाल और देश के लिए ऐतिहासिक रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इतने कम समय में जितना विकास कार्य हुआ है, शायद पिछले 100 साल में भी नहीं हुआ होगा। पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूर्वी भारत का विकास सबसे जरूरी है और केंद्र सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल अब जंगलराज को बदलने के लिए तैयार है। हमारी सरकार घुसपैठिओं पर कड़ी कार्रवाई करेगी। ये गरीबों का हक खा रहे हैं। यही घुसपैठिए टीएमसी के पक्के वोटर हैं। इसीलिए ये घुसपैठियों को बचा रहे हैं, उन्हें सुरक्षा दे रहे हैं।

बंगाल को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगा
प्रधानमंत्री ने कहा कि कल वह मालदा में थे और आज हुगली के सिंगूर में जनता के बीच आने का अवसर मिला। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का संकल्प है कि पूर्वी भारत को विकास का इंजन बनाया जाए। बीते दो दिनों के कार्यक्रम इसी संकल्प को मजबूत करते हैं। पीएम ने कहा कि बंगाल के विकास के लिए केंद्र सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गंगा जी पर बने जलमार्ग के जरिए कार्गो मूवमेंट और तेज होगा। इससे उद्योगों को सस्ती और आसान परिवहन सुविधा मिलेगी। पीएम ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर का यह विस्तार बंगाल को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगा। पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि पूर्वी भारत को विकास की मुख्यधारा में सबसे आगे लाया जाए। उन्होंने दावा किया कि बीते 24 घंटे में लिए गए फैसले आने वाले वर्षों में बंगाल और पूरे पूर्वी भारत की तस्वीर बदल देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *