
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की एक भयानक विमान हादसे में जान चली गई। बारामती में एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने आए अजित पवार का विमान लैडिंग से पहले क्रैश हो गया। इस हादसे को लेकर अब महाराष्ट्र के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) ने अपनी जांच शुरू कर दी है। एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक राज्य पुलिस ने पुणे जिले के बारामती में 28 जनवरी को हुए क्रैश के बाद दर्ज किए गए एक्सीडेंटल मौत के मामले में CID जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा, “पुणे ग्रामीण पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है और इसे सीआईडी को ट्रांसफर कर दिया गया है।” मुंबई से उड़ान भरने के बाद बुधवार सुबह बारामती में हवाई पट्टी के किनारे से सिर्फ 200 मीटर दूर उनका प्लेन क्रैश हो गया था।
कोई छेड़छाड़ तो नहीं हुई
इस हादसे में शिकार हुए अन्य लोगों में कैप्टन सुमित कपूर, जिन्हें 15000 घंटे का उड़ान का अनुभव था, को-पायलट कैप्टन शाम्भवी पाठक, जिन्हें 1500 घंटे का उड़ान का अनुभव था, अजित पवार के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदीप जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली शामिल थे। अधिकारी ने बताया कि सीआईडी कर्मियों की एक टीम ने अपना काम शुरू कर दिया है और वे पुणे ग्रामीण पुलिस से संबंधित दस्तावेज इकट्ठा करेंगे। इसी के साथ सीआईडी की टीम बारामती हवाई पट्टी के पास दुर्घटनास्थल का भी दौरा करेगी। दरअसल, जांच यह पता लगाने के लिए की जा रही है कि अजित पवार के मुंबई से बारामती की यात्रा शुरू करने से पहले प्लेन के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं हुई थी।
ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया
बता दें कि नागरिक उड्डयन मंत्रालय के तहत काम करने वाले विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने भी क्रैश की हादसे की जांच उसी दिन शुरू कर दी है। एएआईबी दिल्ली से तीन अधिकारियों की एक टीम और डीजीसीए, मुंबई रीजनल ऑफिस से तीन अधिकारियों की एक और टीम 28 जनवरी को दुर्घटनास्थल पर पहुंची। वहीं दुर्घटनाग्रस्त विमान का ब्लैक बॉक्स बरामद कर लिया गया है। महाराष्ट्र के बारामती में 28 जनवरी को एनसीपी प्रमुख अजित पवार का निधन हो गया। एयरपोर्ट पर उतरने से पहले विमान क्रैश लैंडिंग कर गया, जिसमें अजित पवार सहित चार अन्य लोगों की जान चली गई। अब इस विमान हादसे की जांच महाराष्ट्र सीआईडी ने शुरू कर दी है।