NEWS अब तक

बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) ने 12 फरवरी को होने वाले आम चुनाव से पहले चुनाव आयोग ‘पूर्ण निष्पक्षता’ के साथ काम करने की अपील की है। सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस की रिपोर्ट के अनुसार बीएनपी के महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर ने रविवार शाम ढाका के आगारगांव स्थित चुनाव आयोग भवन में मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) एएमएम नासिर उद्दीन से मुलाकात के बाद यह बात कही। आलमगीर ने कहा कि बीएनपी ने हमेशा स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग के साथ सहयोग किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में कुछ व्यवस्थाएं पक्षपातपूर्ण दिखाई दे रही हैं और आचरण को लेकर गंभीर चिंताएं हैं। उन्होंने कहा कि हमने आयोग से ऐसी प्रथाओं से बचने और पूरी निष्पक्षता के साथ कार्य करने का आग्रह किया है।

जनता और सभी हितधारकों का सहयोग आवश्यक
बैठक के एजेंडे पर प्रकाश डालते हुए आलमगीर ने कहा कि डाक मतपत्र (पोस्टल बैलेट) से जुड़ा मुद्दा अब भी पूरी तरह सुलझा नहीं है। उन्होंने कहा कि विदेश में पंजीकृत मतदाताओं के लिए छापे गए मतपत्रों की प्रक्रिया सही नहीं है और इससे किसी विशेष राजनीतिक दल को लाभ पहुंचाने का प्रयास प्रतीत होता है। बीएनपी ने इन मतपत्रों में बदलाव की मांग की है। बीएनपी नेता ने यह भी दावा किया कि कई निर्वाचन क्षेत्रों में अधिकारियों की ओर से एक विशेष राजनीतिक दल के पक्ष में काम करने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष, स्वतंत्र और स्वीकार्य चुनाव के हित में, हमने जांच के अधीन ऐसे अधिकारियों को हटाने का अनुरोध किया है। मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने सभी हितधारकों से स्वतंत्र, निष्पक्ष और समावेशी चुनाव कराने में सहयोग की अपील की। सीईसी ने कहा कि आयोग के फैसले बिना किसी पक्षपात के और गहन विश्लेषण के बाद लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुचारू और विश्वसनीय मतदान प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए जनता और सभी हितधारकों का सहयोग आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *