NEWS अब तक

पश्चिम बंगाल की सत्ता संभालने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कई बड़े एलान किए। उन्होंने कहा कि फाल्टा में दोबारा मतदान कराया जाएगा। वहां के लोगों को पिछले 10 साल से वोट नहीं डालने दिया गया है। इस कदम से वहां के मतदाताओं के लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली होगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह अतीत को भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हम कार्यकर्ताओं पर हुए टीएमसी के अत्याचारों को भूले नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने पुलिस को निर्देश दिया है कि पिछली राजनीतिक हिंसा और अपराधों के मामलों में तुरंत एफआईआर दर्ज की जाए। इसके साथ ही, उन्होंने केंद्रीय योजनाओं के फंड में हुए कथित भ्रष्टाचार की जांच के भी आदेश दिए हैं। केंद्रीय योजनाओं के धन के दुरुपयोग को लेकर पुलिस को शिकायत दर्ज करने को कहा गया है।

आरोपियों की व्यक्तिगत संपत्ति से की जाएगी
डायमंड हार्बर में बोलते हुए मुख्यमंत्री अधिकारी ने टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके पास अभिषेक बनर्जी की कंपनी ‘लिप्स एंड बाउंड्स’ की संपत्तियों की पूरी सूची आ चुकी है। इस कंपनी की संपत्तियों की गहराई से जांच की जाएगी। मुख्यमंत्री ने बंगाल के इस सियासी बदलाव को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि यह केवल नई सरकार का आना नहीं है, बल्कि बंगाल की जनता के लिए यह दूसरी आजादी की तरह है। आसनसोल में हुई हालिया तोड़फोड़ की घटना पर मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक 15 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उपद्रवियों को पुलिस हिरासत और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। इसके अलावा, सरकारी संपत्ति को हुए नुकसान की पूरी भरपाई सीधे तौर पर आरोपियों की व्यक्तिगत संपत्ति से की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *