NEWS अब तक

विजय थलापति साल 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में पहली बार अपनी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के जरिए राजनीति के मैदान में आए। पहली ही बार में उन्होंने करिश्माई प्रदर्शन करते हुए ऐतिहासिक जीत हासिल की और वे राज्य के नए मुख्यमंत्री बने हैं। विजय की पार्टी ने दो मजबूत गंठबंधनों को हराकर राज्य में बहुमत हासिल किया। बीते दिनों सुपरस्टार रजनीकांत से विजय के सीएम बनने को लेकर सवाल किया गया था, मगर वे मीडिया के सामने हाथ जोड़कर बिना कुछ बोले चले गए थे। हाल ही में उन्होंने इस बारे में अपने विचार रखे हैं। दिग्गज अभिनेता रजनीकांत ने विजय के सीएम बनने पर रिएक्शन दिया है। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, थलाइवा ने कहा है, ‘तमिलनाडु में दो शक्तिशाली गठबंधनों को हराकर विजय के मुख्यमंत्री बनने से मैं ईर्ष्यालु महसूस नहीं कर रहा हूं, बल्कि इससे मैं बेहद खुश हूं’।

प्रमुख पार्टियों के खिलाफ खड़े होकर अपनी पहचान खुद बनाई
रजनीकांत ने आज रविवार को अपने आवास पर एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा, ‘मैं यह प्रेस कॉन्फ्रेंस इसलिए कर रहा हूं, क्योंकि चुनाव के संबंध में मेरे बारे में कई तरह की आलोचनाएं की जा रही हैं। अगर मैं इनका जवाब नहीं दूंगा, तो इन्हें ही सच मान लिया जाएगा। चुनाव नतीजों के बाद, मैं एम.के. स्टालिन से मिलने गया था और यह बात आलोचना का विषय बन गई। हमारी दोस्ती राजनीति से परे है। मुझे इस बात का दुख हुआ कि एम.के. स्टालिन कुलाथुर से हार गए। रजनी कोई घटिया या निम्न स्तर का व्यक्ति नहीं है, जो किसी भी अन्य विषय पर बेवजह कुछ भी बोले। जैसे ही मुख्यमंत्री चुनाव जीते, मैंने तुरंत उन्हें बधाई दी’। अभिनेता रजनीकांत ने आगे कहा, ‘जब मैंने सुना कि विजय मुख्यमंत्री बन गए हैं, तो मुझे बहुत हैरानी हुई। मैं राजनीति में नहीं हूं। मुझे राजनीति से दूर हुए काफी दिन हो गए हैं। विजय और मेरे बीच उम्र का 28 साल का अंतर है। यहां, विजय ने दो प्रमुख पार्टियों के खिलाफ खड़े होकर अपनी पहचान खुद बनाई है’।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *