
नई दिल्ली, 26 मई
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताया ऐतिहासिक
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने इसे केवल सत्ता परिवर्तन नहीं बल्कि “सेवा और सुशासन की स्थापना” का ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि 26 मई 2014 का दिन भारतीय राजनीति में एक नई शुरुआत के रूप में हमेशा याद किया जाएगा, जब देश ने विकास, राष्ट्रहित और जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने वाली सरकार को चुना था। वीरेन्द्र सचदेवा ने प्रधानमंत्री मोदी को बधाई देते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने केवल योजनाओं और घोषणाओं को नहीं देखा, बल्कि उन योजनाओं का धरातल पर असर भी महसूस किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने राजनीति को केवल सत्ता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे जनसेवा का माध्यम बनाया।
“राजपथ से कर्तव्यपथ” तक बदली शासन की सोच
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शासन व्यवस्था की सोच को बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राजपथ का नाम बदलकर कर्तव्यपथ करना केवल नाम परिवर्तन नहीं था, बल्कि यह देश के हर नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपने कर्तव्यों का एहसास कराने वाला संदेश था। उन्होंने कहा कि इसी तरह राजभवन को लोकभवन और सरकारी परिसरों को कर्तव्य भवन जैसे नाम देकर प्रधानमंत्री मोदी ने यह स्पष्ट किया कि सरकार जनता की सेवा के लिए है। यह बदलाव देश में नई कार्य संस्कृति और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाले कदम हैं।
कोविड संकट और आतंकवाद के खिलाफ मजबूत नेतृत्व
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि कोविड महामारी जैसे कठिन समय में प्रधानमंत्री मोदी ने जिस प्रकार देश का नेतृत्व किया, वह दुनिया के लिए उदाहरण बना। उन्होंने कहा कि मुफ्त वैक्सीन, गरीबों को राशन, स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार और संकट के समय तेज फैसलों ने करोड़ों लोगों को राहत दी। उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ केन्द्र सरकार की सख्त नीति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने आतंकवाद के खिलाफ मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई और दुनिया को यह संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं करेगा।
धारा 370 हटाने और राम मंदिर निर्माण को बताया ऐतिहासिक
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाना देश की एकता और अखंडता के लिए ऐतिहासिक निर्णय था। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित इस मुद्दे को प्रधानमंत्री मोदी सरकार ने साहस और दृढ़ता के साथ हल किया। इसके साथ ही उन्होंने अयोध्या में श्री राम मंदिर निर्माण को करोड़ों भारतीयों की भावनाओं से जुड़ा सपना बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों की आस्था का सम्मान करते हुए इस ऐतिहासिक कार्य को पूरा करवाया।
दिल्ली और बंगाल में भाजपा सरकार बनने का किया उल्लेख
वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सरकार के 11वें वर्ष 2025 में दिल्ली की जनता ने भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से परेशान होकर भाजपा को सत्ता सौंपी। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली को 11 वर्षों की अराजक और भ्रष्ट अरविंद केजरीवाल सरकार से मुक्ति मिली। उन्होंने आगे कहा कि 12वें वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल में भी जनता ने परिवर्तन का रास्ता चुना और भाजपा सरकार बनी। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली और बंगाल दोनों जगह भाजपा सुशासन और विकास के नए मॉडल पर काम कर रही है।
राशन कार्ड की आय सीमा बढ़ाने को बताया बड़ा फैसला
वीरेन्द्र सचदेवा ने दिल्ली सरकार के हालिया फैसले की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के सुशासन के 12 वर्ष पूरे होने के दिन दिल्ली सरकार ने राशन कार्ड की आय सीमा बढ़ाकर 2.5 लाख रुपये प्रतिवर्ष कर दी है, जो जनहित में बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि पहले यह सीमा 1 लाख 20 हजार रुपये प्रतिवर्ष थी, लेकिन अब इसे सीधे 2.50 लाख रुपये कर दिया गया है, जिससे बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह ही दिल्ली में 2.5 लाख नए राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। अब आय सीमा बढ़ने से और अधिक गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवार सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे।
“लोकसेवा की नई मिसाल”
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार का लक्ष्य केवल योजनाएं बनाना नहीं बल्कि हर जरूरतमंद तक सुविधा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड की आय सीमा बढ़ाना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं और जरूरतों को समझते हुए फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास, सुशासन और जनकल्याण के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और आने वाले वर्षों में भारत दुनिया में और अधिक मजबूत एवं आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभरेगा।