Skip to main content

NEWS अब तक

महापौर प्रवेश वाही ने अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं आधुनिक उपकरणों का किया लोकार्पण

डीएनबी शैक्षणिक उत्कृष्टता के 25 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित हुआ विशेष समारोह

दिल्ली नगर निगम के ऐतिहासिक एवं प्रतिष्ठित हिंदू राव अस्पताल ने आज स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। अस्पताल में अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों, आधुनिक स्वास्थ्य अवसंरचना एवं उन्नत उपचार सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। साथ ही वर्ष 2001 में प्रारंभ हुए डीएनबी (Diplomate of National Board) कार्यक्रम की शैक्षणिक उत्कृष्टता के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विशेष समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दिल्ली के महापौर श्री प्रवेश वाही थे। इस अवसर पर उप-महापौर डॉ. मोनिका पंत, स्थायी समिति की अध्यक्षा श्रीमती सत्या शर्मा, स्थायी समिति के उपाध्यक्ष श्री सत्यपाल सिंह, चिकित्सा सहायता एवं जन-स्वास्थ्य समिति के अध्यक्ष श्री मनीष चड्ढा, सिटी एसपी ज़ोन की अध्यक्षा श्रीमती उषा शर्मा, पार्षद श्री विकास टांक, पार्षद श्री राजपाल राणा, दिल्ली नगर निगम के आयुक्त श्री संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त श्री पंकज नरेश अग्रवाल तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर अस्पताल में उन्नत कैजुअल्टी (आपातकालीन) विभाग, धर्मशाला एवं फिजियोथेरेपी ब्लॉक, इंटीग्रेटेड ब्लड सैंपल कलेक्शन सेंटर, नेत्र रोग विभाग में स्थापित अत्याधुनिक उपकरण, आधुनिक 4K लैप्रोस्कोपी सिस्टम, सी-आर्म मशीन सहित अनेक स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण किया गया। इनमें से कुछ सुविधाओं एवं उपकरणों का भौतिक रूप से उद्घाटन किया गया, जबकि कुछ का ई-लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ऑप्टिकल कोहेरेंस टोमोग्राफी (OCT), विजुअल फील्ड एनालाइज़र, फंडस कैमरा, फेको इमल्सिफिकेशन मशीन, नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमीटर, क्रायोएब्लेटर, एडवांस 4K लैप्रोस्कोप, न्यूमेटिक लिथोट्रिप्टर, पीडियाट्रिक स्पाइरोमीटर, सीटीजी, अत्याधुनिक लेबर रूम तथा फिजियोथेरेपी विभाग में आधुनिक जिम जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं का शुभारंभ किया गया। इन सुविधाओं से मरीजों को बेहतर, त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा तथा अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

वर्ष 2001 में प्रारंभ हुए डीएनबी (Diplomate of National Board) कार्यक्रम ने हिंदू राव अस्पताल को चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान प्रदान की। महज 8 विशेषज्ञताओं में 21 डीएनबी सीटों से शुरू हुई यह यात्रा आज 10 विशेषज्ञताओं में 51 मान्यता प्राप्त (Accredited) डीएनबी सीटों तक पहुंच चुकी है। अस्पताल में वर्तमान में 71 अनुभवी फैकल्टी सदस्य चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण का दायित्व निभा रहे हैं। यह उल्लेखनीय प्रगति हिंदू राव अस्पताल की शैक्षणिक उत्कृष्टता, गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा प्रशिक्षण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर सशक्त होती भूमिका का प्रमाण है।

महापौर श्री प्रवेश वाही ने कहा, “चिकित्सक समाज में भगवान के बाद सबसे महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं। हिंदू राव अस्पताल से मेरा वर्षों पुराना भावनात्मक जुड़ाव रहा है। आज यहां स्थापित अत्याधुनिक मशीनें इस बात का प्रमाण हैं कि दिल्ली नगर निगम के अस्पताल अब निजी अस्पतालों के समकक्ष खड़े हैं और वही गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं आम नागरिकों को निःशुल्क उपलब्ध करा रहे हैं। मैं मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं, जिनके सतत मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं सहयोग से निगम अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार और आधुनिकीकरण हो रहा है। मैं सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा करता हूं कि उत्कृष्ट उपचार के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील, आत्मीय एवं सम्मानजनक व्यवहार भी सुनिश्चित करें।

स्थायी समिति की अध्यक्षा श्रीमती सत्या शर्मा ने कहा, हिंदू राव अस्पताल निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है। यहां के चिकित्सकों की विशेषज्ञता, आधुनिक मशीनें एवं सुदृढ़ आधारभूत ढांचा हजारों मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहा है। मैं मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता का आभार व्यक्त करती हूं, जिनके सहयोग एवं स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की प्रतिबद्धता से निगम अस्पतालों का निरंतर विकास हो रहा है। नई सुविधाओं से मरीजों को और अधिक गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा। मैं सभी चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ को उनके समर्पण एवं सेवा भावना के लिए हार्दिक बधाई देती हूं।

पार्षद श्री विकास टांक ने कहा कि हिंदू राव अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार दिल्ली नगर निगम की जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है। इन सुविधाओं से हजारों मरीजों को बेहतर एवं समयबद्ध उपचार का लाभ मिलेगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

अतिरिक्त आयुक्त श्री पंकज नरेश अग्रवाल ने कहा कि आज का दिन हिंदू राव अस्पताल के लिए गौरव एवं ऐतिहासिक महत्व का है। दिल्ली नगर निगम नागरिकों को आधुनिक, सुलभ एवं मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का यह विस्तार उसी संकल्प का सशक्त प्रमाण है और इससे राजधानी के नागरिकों को और बेहतर उपचार उपलब्ध होगा।

कार्यक्रम के अंत में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुमन मेहंदीरत्ता ने सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अस्पताल के निरंतर आधुनिकीकरण में दिल्ली नगर निगम, आयुक्त श्री संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त श्री पंकज नरेश अग्रवाल, निगम प्रशासन तथा विशेष रूप से इंजीनियरिंग विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हिंदू राव अस्पताल भविष्य में भी आधुनिक चिकित्सा, चिकित्सा शिक्षा एवं जनसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करता रहेगा।

समारोह में बड़ी संख्या में चिकित्सकों, डीएनबी विद्यार्थियों, चिकित्सा कर्मियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की तथा हिंदू राव अस्पताल को अत्याधुनिक, मरीज-केंद्रित एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के नए युग की ओर अग्रसर होने पर शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *