Skip to main content

NEWS अब तक

यमुना की सफाई के लिए दिल्लीवासियों ने बढ़ाया हाथ

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर 2026। दिल्ली में यमुना नदी को स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से रविवार, 18 अक्टूबर को ‘चलो यमुना’ अभियान चलाया गया। इस अभियान में 35 हजार से अधिक लोगों ने भाग लेकर यमुना के दोनों किनारों पर स्थित 70 घाटों की सफाई की। वजीराबाद के सूर घाट और सिग्नेचर ब्रिज से लेकर यमुना बाजार, आईटीओ, निजामुद्दीन, सराय काले खां और चिल्ला तक सफाई अभियान चलाया गया। दिल्ली के जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने अभियान की सफलता की जानकारी देते हुए कहा कि यमुना की सफाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि लोगों की भागीदारी से यह साबित हुआ है कि दिल्लीवासी अपनी नदी को स्वच्छ देखना चाहते हैं।

35 हजार लोगों ने लिया हिस्सा

अभियान में नागरिकों, परिवारों, आरडब्ल्यूए सदस्यों, छात्रों, कार्यकर्ताओं और एनजीओ के स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया। इनमें 20 हजार नागरिक और परिवार, 10,500 कार्यकर्ता, 2,500 छात्र तथा 2,000 एनजीओ स्वयंसेवक शामिल थे दिल्ली विश्वविद्यालय के 25 से अधिक कॉलेजों के विद्यार्थियों ने भी सफाई अभियान में योगदान दिया। देशबंधु कॉलेज के 400 से अधिक छात्र इसमें शामिल हुए। इस दौरान यमुना के किनारों से कुल 76,755 किलोग्राम ठोस कचरा हटाया गया।

मशीनों और विभागों ने मिलकर किया काम

यमुना के विभिन्न घाटों पर सफाई के लिए 26 जेसीबी, 19 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 24 नावें, 7 वीड हार्वेस्टर और ट्रैश स्किमर तथा लोक निर्माण विभाग की 269 मेंटेनेंस वैन तैनात की गईं। अभियान में आईएंडएफसी, पीडब्ल्यूडी, एमसीडी, दिल्ली जल बोर्ड, डूसिब, दिल्ली पुलिस और डीडीएमए समेत 10 से अधिक विभागों ने मिलकर काम किया। सफाई कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों ने भी अहम भूमिका निभाई। मंत्री ने 227 सफाई कर्मचारियों और मशीन ऑपरेटरों के योगदान की सराहना की। उस्मानपुर गांव से लगभग 7 टन और सोनिया विहार से 5.6 टन से अधिक कचरा निकाला गया। इन आंकड़ों से यमुना के किनारों पर जमा कचरे की मात्रा का अंदाजा लगाया जा सकता है।

22 अक्टूबर को 8,941 करोड़ रुपये की परियोजनाएं

यमुना को प्रदूषण से बचाने के लिए 22 अक्टूबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली जल बोर्ड की 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं की कुल लागत 8,941.22 करोड़ रुपये है। इनमें 2,827.11 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 6,114.11 करोड़ रुपये की 33 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इनका मुख्य उद्देश्य सीवेज का बेहतर प्रबंधन करना, जल शोधन क्षमता बढ़ाना और गंदे पानी को यमुना में जाने से रोकना है।

सीवेज और जल शोधन पर विशेष ध्यान

इन परियोजनाओं में ओखला में 1,161 करोड़ रुपये की लागत से 124 एमजीडी क्षमता वाला नया सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) प्रमुख है। इसके अलावा आठ एसटीपी का उन्नयन किया जाएगा, जिससे उनकी कुल क्षमता 78.2 एमजीडी से बढ़कर 140.8 एमजीडी हो जाएगी। इससे लगभग 78.5 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। बाहरी दिल्ली में 3,113.67 करोड़ रुपये की लागत से 29 नए विकेंद्रीकृत सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और सीवेज पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनसे 358 अनधिकृत कॉलोनियों और 113 गांवों के लगभग 36.29 लाख निवासियों को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही 1,691 करोड़ रुपये की लागत से 1,034 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे करीब 25.82 लाख लोगों को फायदा होगा।

चंद्रावल जल संयंत्र और मुंडका ट्रंक ड्रेन भी शामिल

परियोजनाओं के तहत चंद्रावल में 477 एमएलडी क्षमता वाले जल शोधन संयंत्र का भी काम किया जाएगा। इस परियोजना की लागत 298.3 करोड़ रुपये है। यह संयंत्र वर्ष 1935 और 1955 में बने पुराने संयंत्रों की जगह लेगा और लगभग 22 लाख लोगों को सेवा देगा। इसके अलावा 225.02 करोड़ रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर लंबा मुंडका ट्रंक ड्रेन बनाया जाएगा। इन परियोजनाओं से दिल्ली में सीवेज प्रबंधन और जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

‘बर्थडे विद यमुना’ की शुरुआत

जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने ‘बर्थडे विद यमुना’ पहल की भी घोषणा की। इसके तहत यमुना किनारे हट्स बनाई जाएंगी, जहां दिल्लीवासी अपना जन्मदिन मना सकेंगे। मंत्री ने बताया कि वह अपना जन्मदिन 7 नवंबर को यमुना के किनारे मनाएंगे। उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे अपने खास अवसर नदी के साथ मनाएं और उसकी स्वच्छता बनाए रखने में योगदान दें।

यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी

प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि घाटों की सफाई अभियान की शुरुआत है, लेकिन यमुना को स्थायी रूप से स्वच्छ बनाने के लिए सीवेज को नदी में जाने से रोकना जरूरी है। इसके लिए नई जल और सीवेज परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। ‘चलो यमुना’ अभियान के माध्यम से सरकार ने लोगों को नदी की स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया है। अब इन प्रयासों की सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि सफाई अभियान नियमित रूप से जारी रहे और दिल्लीवासी नदी में कचरा डालने से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *