बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे और पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर आकाश आनंद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और उनकी पार्टी पर तीखा हमलाबोला है। उन्होंने कांग्रेस प्रवक्ता उदित राज के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उन्हें पार्टी से निकालने की अपील की।
उदित राज के बयान पर विवाद
हाल ही में कांग्रेस नेता उदित राज ने मायावती को लेकर एक विवादित बयान दिया था, जिससे बसपा में भारी आक्रोश देखने को मिला। इसके जवाबमें आकाश आनंद ने उत्तर प्रदेश पुलिस से उनके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की थी। वहीं, इस पूरे विवाद के बीच उदित राज ने दिल्ली पुलिसकमिश्नर से मुलाकात कर अपनी जान को खतरा बताया और आकाश आनंद तथा उनके समर्थकों पर कार्रवाई की मांग की।
राहुल गांधी पर सीधा हमला
आकाश आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए कांग्रेस नेतृत्व पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार बहुजनआंदोलन का अपमान कर रही है और इस तरह की टिप्पणियां पार्टी की दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं।
उन्होंने लिखा,बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर क्या कांग्रेस की मेहरबानी की वजह से पूजनीय हैं? पहले मायावती का गला घोंटने की धमकी औरअब बाबासाहेब के योगदान पर अशोभनीय टिप्पणी कांग्रेस के असली चरित्र को उजागर करती है।
आकाश आनंद ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि सिर्फ संसद में शोर मचाने और दलित छात्रों के साथ फोटो खिंचवाने से कोई दलितों काहितैषी नहीं बन जाता। उन्होंने मांग की कि राहुल गांधी को उदित राज को तुरंत पार्टी से बाहर करना चाहिए।
बसपा और कांग्रेस के बीच बढ़ता टकराव
इस बयान के बाद बसपा और कांग्रेस के बीच तनाव और बढ़ गया है। बसपा पहले भी कांग्रेस पर दलितों की उपेक्षा और बहुजन आंदोलन कोकमजोर करने की साजिश रचने का आरोप लगाती रही है। हालांकि, इस मामले पर अब तक कांग्रेस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहींआई है।