
भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने की मंजूरी मिल गई है। श्रेयस को अक्तूबर 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोट लगी थी। वह मुंबई के लिए छह जनवरी को हिमाचल प्रदेश के खिलाफ विजय हजारे ट्रॉफी के मुकाबले में खेल सकते हैं। हालांकि, न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना उनकी फिटनेस पर निर्भर है। श्रेयस को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे मैच के दौरान फील्डिंग करते वक्त चोट लगी थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीईई) ने नवंबर की शुरुआत में बताया था कि श्रेयस कुछ दिन चिकित्सकों की निगरानी में रहेंगे। श्रेयस बंगलूरू में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में हैं। सीओई के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि श्रेयस मुंबई के लिए घरेलू टूर्नामेंट के जरिये वापसी करेंगे, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए उनकी उपलब्धता फिटनेस पर निर्भर करेगी।
सफलतापूर्वक पूरा कर लिया!
एक अधिकारी ने कहा, ‘श्रेयस ने दो जनवरी 2026 को अपना पहला 50 ओवर का रिटर्न टू प्ले (आरटीपी) सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। वह छह जनवरी को विजय हजारे ट्रॉफी में खेलेंगे जो उनका दूसरा रिटर्न टू प्ले होगा। इसके बाद ही उन्हें पूरी तरह फिट घोषित करने पर फैसला लिया जाएगा।’ इस तरह श्रेयस भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के साथ खेलने के लिए उपलब्ध रहेंगे, जिन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में अपना पहला मैच 31 दिसंबर को गोवा के खिलाफ खेला था। भारत और न्यूजीलैंड के बीच 11 जनवरी से तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जानी है। इसके बाद दोनों टीमें पांच मैचों की टी20 सीरीज में भी हिस्सा लेंगी। वनडे सीरीज के लिए शनिवार को भारतीय टीम की घोषणा होगी। देखना दिलचस्प होगा कि इसमें श्रेयस का नाम शामिल रहता है या नहीं।