NEWS अब तक

कर्नाटक की सिद्धारमैया सरकार पर एक और जमीन घोटाला करने का आरोप लगाया गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि कर्नाटक में करोड़ों रुपये के नगर निगम के प्लॉट बेहद कम दाम पर कांग्रेस भवन ट्रस्ट को दे दिए गए हैं। भाजपा नेता और पार्टी प्रवक्ता गौरव भाटिया ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ये आरोप लगाए।
गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार की पर्याय है, गांधी परिवार सिर्फ और सिर्फ सरकारी संपत्ति को हड़पने की कोशिश करता है, जैसा कि हमने नेशनल हेराल्ड केस में देखा है, इसलिए कांग्रेस को ‘हड़पू परिवार’ कहा जाए, तो यह गलत नहीं होगा। नेशनल हेराल्ड केस में हमने देखा था कि कांग्रेस ने किस तरह से सरकारी संपत्ति को अपनी निजी संपत्ति बना लिया। इसी तरह रॉबर्ट वाड्रा, किसानों की जमीन हड़पकर उस पर निजी व्यवसाय करते हैं।

जमीनों की कुल कीमत 40–50 करोड़ रुपये बताई जा रही
भाजपा नेता ने कहा, कांग्रेस पार्टी और गांधी परिवार का सरकारी जमीन से जो प्यार है, वह इस हद तक बढ़ गया है कि कर्नाटक में करीब दो दर्जन सरकारी जमीनें, जिनका उपयोग कर्नाटक की जनता के लिए सुविधाएं बढ़ाने के रूप में होना था, अब जनहित में इस्तेमाल नहीं हो रही हैं। इन जमीनों का उपयोग कांग्रेस भवन बनाने के लिए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने निगम प्रशासन के 12 प्लॉट कांग्रेस भवन ट्रस्ट को दे दिए हैं। इसके साथ ही शहरी विकाश मंत्रालय के 12 और प्लॉट भी कांग्रेस भवन ट्रस्ट को सौंप दिए गए हैं। इन जमीनों की कुल कीमत 40–50 करोड़ रुपये बताई जा रही है, लेकिन कांग्रेस को ये प्लॉट सिर्फ 2 करोड़ रुपये में दे दिए गए हैं।

निजी संपत्ति में बदलकर गांधी परिवार को दे दिए गए
भाजपा ने कहा, कीमती सरकारी संपत्ति को कथित तौर पर बहुत कम दामों पर ट्रांसफर करके गांधी परिवार की निजी संपत्ति में बदला जा रहा है। जैसे कांग्रेस सरकार देश के ज़्यादातर हिस्सों से गायब हो गई, वैसे ही एक दिन वह कर्नाटक से भी गायब हो जाएगी। हर मुमकिन तरीके से भ्रष्टाचार हो रहा है। भाजपा इस मुद्दे को उठा रही है, और यह पक्का किया जाएगा कि भ्रष्टाचार में शामिल लोग जेल जाएं। भाजपा ने कर्नाटक में जमीन घोटाला होने का दावा किया है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि करोड़ों रुपये के सरकारी प्लॉट निजी संपत्ति में बदलकर गांधी परिवार को दे दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *