NEWS अब तक

आईपीएल 2026 के प्लेऑफ मुकाबलों के स्थान तय हो चुके हैं। फाइनल मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले यह मुकाबला बंगलूरू के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना था। अब कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) ने बीसीसीआई के इस फैसले पर निराशा जताई है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के मौजूदा चैंपियन होने के कारण परंपरा के अनुसार फाइनल मैच बंगलूरू में होना था, लेकिन बीसीसीआई ने सटीक कारण बताए बिना इस महत्वपूर्ण मैच को अहमदाबाद में स्थानांतरित कर दिया। बीसीसीआई ने हालांकि कहा कि स्थानीय संघ और अधिकारियों की कुछ मांगों के कारण स्थान बदला गया क्योंकि इस तरह की मांग बीसीसीआई के स्थापित दिशानिर्देशों और प्रोटोकॉल के दायरे से बाहर थीं।

औपचारिक रूप से अवगत भी कराया
केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद ने आईपीएल 2026 की शुरुआत में घोषणा की थी कि बीसीसीआई ने बंगलूरू को सात मैच की मेजबानी सौंपने का फैसला किया है। इनमें आरसीबी के पांच घरेलू मैच, एक प्लेऑफ और फाइनल शामिल था। केएससीए के आधिकारिक प्रवक्ता विनय मृत्युंजय ने कहा, ‘केएससीए इस पर निराशा व्यक्त करता है कि आईपीएल के प्लेऑफ मैचों की मेजबानी अन्य केंद्रों को सौंपी गई है। केएससीए अध्यक्ष वेंकटेश प्रसाद इस संबंध में बीसीसीआई के संपर्क में थे और उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल प्लेऑफ की मेजबानी के लिए केएससीए की तैयारी और गहरी रुचि से औपचारिक रूप से अवगत भी कराया था।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *