NEWS अब तक

– आजादी के 75 साल पूरे होने पर अरविंद केजरीवाल ने देशभक्ति के प्रतिक के रूप में 150 फीट ऊंचे तिरंगे लगाए थे- सौरभ भारद्वाज

– भाजपा की मातृ संस्था आरएसएस ने अपने मुख्यालय पर आजादी के बाद 50 सालों तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया था- सौरभ भारद्वाज

– अब दिल्ली में भाजपा की सरकार है तो उसने जगह-जगह लगाए गए सारे तिरंगे हटवा दिए हैं- सौरभ भारद्वाज

– दिल्ली में लगे 500 भारतीय तिरंगे को उतार कर भाजपा सरकार ने बहुत शर्मनाक काम किया है- अनुराग ढांडा

– भाजपा देशद्रोहियों की पार्टी है, भारतीय तिरंगे से नफ़रत भाजपा के डीएनए में है- प्रियंका कक्कड़

नई दिल्ली, 09 जून 2026

दिल्ली में 500 जगहों पर लगाए गए तिरंगे को हटाने पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार पर तीखा हमला बोला है। ‘‘आप’’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई नेताओं ने भाजपा सरकार के इस कदम को शर्मनाक बताया। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि आजादी के 75 साल पूरे होने पर अरविंद केजरीवाल की सरकार ने देशभक्ति के प्रतिक के रूप में दिल्ली में जगह-जगह 150 फीट ऊंचे तिरंगे लगाए थे, लेकिन अब ये झंडे दिखाई नहीं दे रहे हैं। भाजपा की मातृ संस्था आरएसएस ने अपने मुख्यालय पर आजादी के बाद 50 सालों तक राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया था और अब दिल्ली में भाजपा की सरकार है तो उसने सारे तिरंगे हटवा दिए हैं।

मंगलवार को “आप” के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर कहा कि दिल्ली से 500 तिरंगे कहां गायब हो गए हैं? आम आदमी पार्टी की सरकार ने राष्ट्रीय गौरव और देशभक्ति के प्रतीक के रूप में पूरी दिल्ली में 500 ऊंचे तिरंगे लगाए थे, जो अब कहीं दिखाई नहीं दे रहे हैं।

सौरभ भारद्वाज ने एक वीडियो साझा कर कहा कि आज मैंने देखा कि जगह-जगह से तिरंगा झंडा हट गया है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने आजादी के 75 साल पूरे होने के अवसर पर दिल्ली में करीब 500 जगहों पर 150 फीट ऊंचे तिरंगे झंडे लगाए थे। भाजपा की सरकार ने इन झंडों को जगह-जगह से उतार दिया है।

सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह उसी भाजपा की सरकार है जिसकी मातृ संस्था आरएसएस ने आजादी के समय भारत के तिरंगे का हमेशा विरोध किया था। आरएसएस ने 50 सालों से अधिक समय तक अपने मुख्यालय पर भारत का राष्ट्रीय ध्वज नहीं फहराया। आज जब इनकी सरकार है, तो अरविंद केजरीवाल की सरकार द्वारा लगाए गए 150 फीट ऊंचे तिरंगे जगह-जगह से हटे हुए हैं। अब वहां सिर्फ खंभे बचे हैं और झंडे हट गए हैं।

उधर, पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा कि साल 2021-22 में अरविंद केजरीवाल की सरकार ने दिल्ली में 500 जगह 100 फुट से भी ऊँचे विशाल राष्ट्रीय ध्वज लगवाये थे जिन्हें देखकर हर कोई गौरवान्वित होता था। भाजपा सरकार ने ये तिरंगे पूरी दिल्ली से उतरवा दिए हैं। ये बहुत शर्मनाक हरकत है।

वहीं, पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि भाजपा देशद्रोहियों की पार्टी है, तिरंगे से नफ़रत भाजपा के डीएनए में है। आरएसएस ने अपने मुख्यालय में 52 साल तक तिरंगा नहीं फहराया और आज दिल्ली में लगे हुए तिरंगे भी हटा दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *