Skip to main content

NEWS अब तक

स्वच्छता और नगर अवसंरचना में उत्कृष्टता के लिए दिल्ली नगर निगम को किया गया सम्मानित

नई दिल्ली,25 अक्टूबर 2026

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित ‘मेरी दिल्ली उत्सव-2026’, 12वें ‘वाइब्रेंट इंडिया-2026’ एवं ‘पीएसई डेवलपमेंट एंड अचीवमेंट्स एक्सपो’ में भाग लिया। इस प्रदर्शनी में निगम ने अपनी विभिन्न योजनाओं, नागरिक सेवाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी के समापन पर एमसीडी के स्टॉल को शहरी स्वच्छता एवं नगर अवसंरचना में उत्कृष्टता के लिए प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

एमसीडी के स्टॉल पर पहुंचे बड़ी संख्या में लोग

प्रदर्शनी में दिल्ली नगर निगम के स्टॉल पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, आम नागरिक और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि पहुंचे। लोगों ने निगम की योजनाओं और नागरिक सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। एमसीडी ने मॉडल, डिस्प्ले, सूचना पटलों और जागरूकता सामग्री के माध्यम से अपने कार्यों को आसान तरीके से प्रस्तुत किया।

चार विभागों ने दिखाई अपनी योजनाएं

इस प्रदर्शनी में एमसीडी के जन स्वास्थ्य विभाग, संपत्ति कर विभाग, पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं विभाग (डैम्स) और पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग ने भाग लिया। सभी विभागों ने अपने कामकाज, योजनाओं और सेवाओं की जानकारी लोगों को दी। इसका उद्देश्य नागरिकों को निगम की सुविधाओं के बारे में जागरूक करना था।

ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान की दी जानकारी

संपत्ति कर विभाग ने लोगों को ऑनलाइन संपत्ति कर भुगतान और डिजिटल सेवाओं के बारे में बताया। वहीं, जन स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य और स्वच्छता से जुड़ी जानकारी दी। पर्यावरण प्रबंधन सेवाएं विभाग ने ठोस कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को प्रदर्शित किया। पशु चिकित्सा सेवाएं विभाग ने पशु कल्याण और पशुओं की देखभाल से जुड़ी सेवाओं की जानकारी दी।

अधिकारियों ने नागरिकों से किया संवाद

प्रदर्शनी के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने स्टॉल पर आने वाले लोगों से बातचीत की और उनकी जानकारी के लिए विभिन्न सेवाओं के बारे में समझाया। इस दौरान नागरिकों को निगम की योजनाओं, पर्यावरण संबंधी पहलों और जन स्वास्थ्य कार्यक्रमों के बारे में बताया गया। इससे एमसीडी को नागरिकों के साथ सीधे जुड़ने और अपनी सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर मिला।

एमसीडी को मिला प्रथम पुरस्कार

प्रदर्शनी के समापन पर दिल्ली नगर निगम के स्टॉल को शहरी स्वच्छता एवं नगर अवसंरचना में उत्कृष्टता के लिए प्रथम पुरस्कार दिया गया। यह सम्मान प्रदर्शनी में निगम की भागीदारी की महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।इस आयोजन के माध्यम से एमसीडी ने स्वच्छता, बेहतर नागरिक सुविधाओं, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी नागरिकों तक निगम की सेवाओं की जानकारी पहुंचाने और उनके साथ बेहतर संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *