Skip to main content

NEWS अब तक

प्रदेश कार्यालय में भाजपा नेताओं और युवाओं ने सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

नई दिल्ली।
भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश कार्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राधा मोहन दास अग्रवाल, उड़ीसा से सांसद बलभद्र मांझी, युवा मोर्चा अध्यक्ष रजत चौधरी, कार्यालय मंत्री कैलाश जैन, अमित गुप्ता और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए वीर जवानों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया।

कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया नमन
मीडिया से बातचीत करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर सैनिकों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए की। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिकों का साहस, समर्पण और बलिदान हर भारतीय के लिए प्रेरणा है। देश हमेशा उनके ऋण को याद रखेगा। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री का संदेश केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देशवासियों को राष्ट्रहित में काम करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा देता है।

आत्मनिर्भर भारत की ताकत का किया उल्लेख
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता और आत्मनिर्भरता पर विशेष जोर दिया। उन्होंने आईएनएस महेंद्रगिरि, पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट और कुशा मिसाइल जैसी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत रक्षा क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश के वैज्ञानिक, इंजीनियर और रक्षा विशेषज्ञ भारत को मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।

जल संरक्षण का दिया संदेश
हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने कार्यक्रम में ‘कैच द रेन’ अभियान का भी जिक्र किया। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि हर व्यक्ति वर्षा जल का संरक्षण करे और पानी की एक-एक बूंद बचाने का संकल्प ले। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग मिलकर प्रयास करेंगे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

खिलाड़ियों और विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश की प्रसिद्ध बैडमिंटन खिलाड़ी पी. वी. सिंधु, भारतीय महिला क्रिकेट टीम और अंतरराष्ट्रीय ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय विद्यार्थियों की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन सफलताओं से पूरी दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है और देश के युवाओं को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिली है।

वोकल फॉर लोकल और नवाचार पर दिया जोर
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण, महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों और ‘वेस्ट टू वैल्थ’ जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए नवाचार और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हो रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री लगातार ‘वोकल फॉर लोकल’ का संदेश देते रहे हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों, छोटे उद्योगों और भारतीय प्रतिभाओं को नई पहचान मिल रही है।

दिल्ली के अलग-अलग क्षेत्रों में भी सुना गया ‘मन की बात’
दिल्ली भाजपा के विभिन्न नेताओं ने राजधानी के अलग-अलग क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
संगठन महामंत्री पवन राणा ने बाहरी दिल्ली जिले में, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने दिल्ली गेट वार्ड में, योगिता सिंह ने कालकाजी में और मोहनलाल गिहारा ने मादीपुर वार्ड में कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया। वहीं सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आया नगर वार्ड में, कमलजीत सहरावत ने अंबरहाई गांव में, बांसुरी स्वराज ने राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर, सतीश पूनिया और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सरोजिनी नगर में कार्यक्रम सुना। स्वाति मालीवाल ने मिंटो रोड क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री का संदेश सुना। इसके अलावा प्रवीन खंडेलवाल ने एयरोसिटी स्थित होटल आईबीएस में देशभर से आए 100 से अधिक व्यापारी नेताओं के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।

6450 स्थानों पर हुआ कार्यक्रम का आयोजन
‘मन की बात’ कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक राजन तिवारी ने बताया कि दिल्ली में लगभग 6450 स्थानों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं और आम नागरिकों ने कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देता है ‘मन की बात’- हर्ष मल्होत्रा
अपने संबोधन के अंत में हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्रभक्ति, आत्मनिर्भरता, पर्यावरण संरक्षण, वैज्ञानिक सोच, जल संरक्षण, स्थानीय प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और जनभागीदारी की भावना से जोड़ता है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी पूरा होगा जब हर नागरिक राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेगा। प्रधानमंत्री का यह संदेश देश के हर वर्ग के लिए प्रेरणादायक है और आने वाले समय में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *