NEWS अब तक

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के कोटद्वार के जिम संचालक दीपक कुमार की सराहना करते हुए उन्हें सच्चा देशभक्त बताया है। राहुल ने कहा कि दीपक ने नफरत के खिलाफ डटकर कमजोर की रक्षा की और इससे बड़ी देशभक्ति कोई नहीं हो सकती। दीपक उस समय चर्चा में आए जब उन्होंने बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का विरोध किया, जो कथित तौर पर एक मुस्लिम दुकानदार को परेशान कर रहे थे। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर दीपक कुमार और उनके मित्र विजय रावत के साथ मुलाकात का वीडियो साझा किया। उन्होंने लिखा कि देश में करोड़ों लोगों के दिल में प्रेम और सौहार्द की भावना है, लेकिन मन में डर भी है। दीपक ने अपने साहस से लोगों को रास्ता दिखाया है। जो लोग नफरत फैलाते हैं और समाज को डराते हैं, वे कायर हैं। उनसे डरने की जरूरत नहीं है। राहुल ने कहा कि दीपक ने तिरंगे और संविधान की रक्षा की है।

दीपक के जिम के बाहर जमा हुए
यह घटना 26 जनवरी की है। कोटद्वार के पटेल मार्ग पर स्थित ‘बाबा’ नाम की कपड़ों की दुकान के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि 70 वर्षीय दुकानदार वकील अहमद को दुकान का नाम बदलना चाहिए। इसी दौरान झड़प हुई। दुकानदार के बेटे के मित्र दीपक कुमार ने हस्तक्षेप किया और खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हुए प्रदर्शनकारियों का सामना किया। इसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। 31 जनवरी को फिर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता दुकान और दीपक के जिम के बाहर जमा हुए। सड़क जाम की गई और नारेबाजी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात काबू में किए और बड़ा टकराव टल गया। इस पूरे घटनाक्रम में तीन अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। दीपक कुमार 42 वर्ष के हैं और ‘द हल्क’ नाम से जिम चलाते हैं। उनका कहना है कि इस विवाद के बाद उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *