NEWS अब तक

नई दिल्ली।
15 जून २०२६
राजधानी दिल्ली की सभी प्रमुख रामलीला समितियों के संगठन श्री रामलीला महासंघ की एक महत्वपूर्ण बैठक नई दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने की। बैठक में दिल्ली की विभिन्न रामलीला समितियों के सैकड़ों प्रतिनिधियों ने भाग लिया और रामलीला आयोजन से जुड़ी समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026 में दशहरा पर्व पूरे देश में 20 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इसके साथ ही यह भी तय किया गया कि रामलीला महोत्सव 11 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

रामलीला समितियों ने रखीं अपनी समस्याएं
बैठक में शामिल विभिन्न रामलीला समितियों के प्रतिनिधियों ने आयोजन के दौरान आने वाली परेशानियों को सामने रखा। उन्होंने मैदानों की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था, प्रशासनिक अनुमति और अन्य सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की। महासंघ के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने कहा कि पिछले वर्ष दिल्ली सरकार ने रामलीला समितियों को 1200 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई थी, जिसके लिए महासंघ सरकार का आभार व्यक्त करता है। उन्होंने कहा कि रामलीला आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सरकार को इस वर्ष से सभी रामलीलाओं के लिए पूरी तरह मुफ्त बिजली उपलब्ध करानी चाहिए। उन्होंने यह भी मांग की कि जिस प्रकार अन्य विभाग अपने मैदान विभिन्न आयोजनों के लिए उपलब्ध कराते हैं, उसी प्रकार दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) भी रामलीलाओं के लिए अपने मैदान 45 दिनों तक निःशुल्क उपलब्ध कराए।

रामलीला मैदानों को मिले विशेष पहचान
महासंघ के महामंत्री सुभाष गोयल ने सुझाव दिया कि दिल्ली के जिन मैदानों में हर वर्ष रामलीला का मंचन किया जाता है, उन सभी स्थानों को स्थायी रूप से “उत्सव स्थल (रामलीला)” घोषित किया जाए। उनका कहना था कि इससे इन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों को नई पहचान मिलेगी तथा भविष्य में आयोजनों के लिए सुविधाएं विकसित करने में भी सहायता मिलेगी।

हर्ष मल्होत्रा का रामलीला समितियों ने किया स्वागत
इस अवसर पर भाजपा दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं भारत सरकार में राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा का सभी रामलीला समितियों की ओर से भव्य स्वागत किया गया। महासंघ के पदाधिकारियों ने उन्हें हनुमान जी की गदा, शॉल और अन्य स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इसके साथ ही मंच पर उपस्थित सांसदों को भी रामनामी पटका और गदा भेंट कर सम्मान दिया गया।

रामकाज में कोई बाधा नहीं आने देंगे – हर्ष मल्होत्रा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि रामलीला भारत की महान सांस्कृतिक परंपरा है और इसके आयोजन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि रामलीला शुरू होने से पहले ही आयोजन से जुड़ी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से सभी समितियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के रामलीला का आनंद ले सकें।

सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने दिया सहयोग का भरोसा
सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पिछले वर्ष भी रामलीला समितियों की सहायता के लिए कई प्रयास किए गए थे। उन्होंने कहा कि जो समस्याएं अब तक हल नहीं हो सकी हैं, उन्हें इस वर्ष सभी सांसद मिलकर दूर कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम भी है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने संस्कृति से जोड़ा रामलीला को
सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि रामलीलाएं भारत की सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला समितियों की समस्याओं के समाधान के लिए सभी सांसद मिलकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू से भी मुलाकात करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि रामलीला आयोजनों को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।

कमलजीत सहरावत ने समाधान का दिया आश्वासन
सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और नगर निगम में ऐसी सरकारें हैं जो भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पित हैं। उन्होंने कहा कि श्री रामलीला महासंघ द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी दिल्लीवासियों के हित में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं और उन्होंने पिछले वर्ष भी रामलीला समितियों की सहायता की थी। इस वर्ष भी दिल्ली सरकार और नगर निगम के स्तर पर समस्याओं के समाधान की दिशा में काम किया जाएगा।

कई प्रमुख पदाधिकारी और प्रतिनिधि रहे मौजूद
बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दिल्ली के संघचालक डॉ. अनिल अग्रवाल, जत्थेदार अवतार सिंह, संजय बगड़िया, प्रवीण कपूर, शिव शंकर नागर, जोगिंद्र पाल, राजेंद्र शौकीन सहित दिल्ली की विभिन्न रामलीला समितियों और सामाजिक संगठनों के अनेक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें कश्मीरी गेट रामलीला कमेटी, पीतमपुरा रामलीला कमेटी, सनातन धर्म रामलीला समिति, शालीमार बाग रामलीला कमेटी, रामलीला कमेटी ढक्का गांव, शाहदरा रामलीला कमेटी, नरेला रामलीला कमेटी, उत्तराखंड रामलीला समिति किशनगंज, रोहिणी सेक्टर-6 रामलीला समिति, दशरथपुरी रामलीला कमेटी, आदर्श रामलीला कमेटी और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखे।

दशहरा और रामलीला की तैयारियां शुरू
बैठक के अंत में महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इस वर्ष दशहरा और रामलीला महोत्सव को और अधिक भव्य तथा व्यवस्थित बनाने के लिए तैयारियां जल्द शुरू की जाएंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार और प्रशासन के सहयोग से सभी समस्याओं का समाधान होगा और दिल्ली सहित पूरे देश में रामलीला और दशहरा पर्व श्रद्धा, उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *