1 जनवरी 2025 को मशहूर पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दिलजीत ने पीएम मोदी को एक पंजाबी गीत सुनाया, जिसमें प्रधानमंत्री ने ताल देकर उनकी प्रस्तुति का साथ दिया।
पीएम ने दिलजीत की सराहना की
प्रधानमंत्री मोदी ने दिलजीत की तारीफ करते हुए कहा, “एक छोटे से गांव से निकलकर जब कोई पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन करता है, तो खुशी होती है। आपके नाम में ही दिल और जीत है, जो लोगों के दिल जीतने की कहानी कहता है।” दिलजीत ने इस पर जवाब दिया, “हमने किताबों में ‘मेरा भारत महान’ पढ़ा था, लेकिन देश घूमने के बाद महसूस किया कि यह सच है।”
दिलजीत ने साझा किया खास वीडियो
दिलजीत ने इस मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें दोनों ने संगीत, योग और भारतीय संस्कृति पर चर्चा की। दिलजीत ने इसे “2025 की शानदार शुरुआत” करार दिया।
मुलाकात पर बने विरोध के सुर
इस मुलाकात के बाद कुछ किसान संगठनों ने नाराजगी जाहिर की। उनका मानना है कि दिलजीत का यह कदम उनके पूर्व के किसान आंदोलन समर्थन से मेल नहीं खाता और इससे उनकी छवि पर सवाल खड़े हो सकते हैं। बता दें कि ये मुलाकात सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में चर्चा का प्रमुख विषय बनी हुई है।