Skip to main content

NEWS अब तक

दिल्ली के माननीय परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने सभी महिलाओं से 1 अगस्त से निःशुल्क बस यात्रा के लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड अपनाने की अपील की

  • महिलाओं के लिए पेपर आधारित पिंक टिकट 31 जुलाई तक जारी रहेगा, 1 अगस्त से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) आधारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के माध्यम से बिना किसी बाधा के निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी
  • अबतक लगभग 15 लाख पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी, 31 जुलाई के बाद भी डीटीसी बस डिपो और नोटीफफाइड केंद्रों पर जारी रहेगा पिंक कार्ड बनाने का रजिस्ट्रेशन
  • राजधानी दिल्ली की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा बिना किसी बाधा के जारी रहेगी। सभी पात्र महिलाओं से मेरा आग्रह है कि वे जल्द से जल्द अपना पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाएं और इस सुविधा का सहज और सुविधाजनक लाभ उठाएं- परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह

नई दिल्ली (10 जुलाई, 2026)। राजधानी दिल्ली की महिलाओं को सुरक्षित और मुफ्त सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए दिल्ली सरकार ने घोषणा की है कि वर्तमान में चल रही पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था 31 जुलाई, 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद 1 अगस्त 2026 से डीटीसी बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा का लाभ केवल नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (एनसीएमसी) आधारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड के माध्यम से ही उपलब्ध होगा। यह बदलाव महिलाओं के लिए और अधिक पारदर्शी, प्रभावी और टेक्नोलॉजी आधारित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए किया गया है।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने यह सुनिश्चित किया है महिलाओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा बिना किसी परेशानी के मिलती रहे। साथ ही व्यवस्था को और अधिक स्मार्ट, पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा सके।

माननीय मंत्री महोदय ने बताया कि अब तक दिल्ली में लगभग 15 लाख पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी किए जा चुके हैं और हजारों महिलाएं नियमित रूप से इसी कार्ड के माध्यम से मुफ्त बस यात्रा का लाभ उठा रही हैं। मंत्री महोदय ने उन सभी पात्र महिलाओं से अपील की जिन्होंने अभी तक पिंक कार्ड नहीं बनवाया है, जल्द से जल्द अपना रजिस्ट्रेशन कराएं।

परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि हर पात्र महिला को डीटीसी बसों में निःशुल्क यात्रा का लाभ निरंतर मिलता रहे। किसी भी पात्र महिला को घबराने की जरूरत नहीं है। 31 जुलाई तक पिंक टिकट पूरी तरह मान्य रहेंगे और 1 अगस्त से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिलाएं पहले की तरह बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। राजधानी दिल्ली में अब तक लगभग 15 लाख कार्ड जारी किए जा चुके हैं। मैं अपनी सभी माताओं और बहनों से आग्रह करता हूं कि जिन्होंने अभी तक अपना पिंक कार्ड नहीं बनवाया है, वे जल्द से जल्द कार्ड बनवा लें। यह कार्ड निःशुल्क यात्रा के अलावा कई अन्य सुविधाएं भी प्रदान करता है और इससे व्यवस्था में अधिक पारदर्शिता, दक्षता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। 31 जुलाई के बाद भी डीटीसी बस डिपो और विशेष शिविरों के माध्यम से पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड जारी करने की प्रक्रिया लगातर जारी रहेगी और हमारी सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि कोई भी पात्र महिला लाभार्थी इस सुविधा से वंचित नहीं रहे।

इस बदलाव के मकसद पर प्रकाश डालते हुए परिवहन मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने कहा कि पेपर वाले टिकट से एनसीएमसी आधारित पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड प्रणाली में बदलाव से योजना को बेहतर तरीके से लागू करने, लाभार्थियों के प्रभावी तरीके से प्रबंधन, व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को और अधिक मजबूती मिलेगी। साथ ही महिलाओं को निःशुल्क यात्रा की सुविधा पहले की तरह बिना किसी बाधा के मिलती रहेगी।

माननीय परिवहन मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने की कोई अंतिम समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है। 31 जुलाई के बाद भी चिन्हित डीटीसी बस डिपो और नोटीफफाइड केंद्रों पर कार्ड के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया जारी रहेगी। उन्होंने एक बार फिर से दोहराया कि दिल्ली सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ महिलाओं के कल्याण और सुविधा के प्रति पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

दिल्ली परिवहन निगम द्वारा जारी परिचालन निर्देशों के अनुसार 1 अगस्त 2026 से वैध पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड रखने वाली महिला यात्रियों को डीटीसी और क्लस्टर की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा पहले की तरह मिलती रहेगी, जबकि पेपर आधारित पिंक टिकट व्यवस्था को स्मार्ट कार्ड आधारित प्रणाली लागू होने के साथ चरणबद्ध तरीके से खत्म करके स्मार्ट कार्ड आधारित व्यवस्था को लागू किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *