
दिल्ली नगर निगम के माननीय महापौर प्रवेश वाही ने शनिवार को नगर निगम के जनस्वास्थ्य अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में दिल्ली में जनस्वास्थ्य, स्वच्छता, स्पा सेंटरों की निगरानी, होटलों और मोटलों में नियमों के पालन तथा ई-कार्ट (E-Cart) नीति जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि दिल्ली नगर निगम के नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और लापरवाही करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनस्वास्थ्य को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश
बैठक के दौरान महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि हाल ही में लखनऊ और मालवीय नगर जैसी घटनाओं से सबक लेते हुए दिल्ली में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना बेहद जरूरी है। इसके लिए सभी अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ काम करना होगा। उन्होंने सभी उप स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में हर सप्ताह बैठक करें, नियमित निरीक्षण करें और किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करें। महापौर ने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में समय रहते कदम उठाने से बड़ी समस्याओं को रोका जा सकता है। इसलिए सभी अधिकारी लगातार निगरानी रखें और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
स्पा सेंटरों पर रहेगी कड़ी नजर
महापौर प्रवेश वाही ने बैठक में दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी स्पा सेंटरों की विशेष निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर नियमों का उल्लंघन होने की शिकायतें मिलती रहती हैं, इसलिए अब किसी भी प्रकार की अनियमितता को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जो भी स्पा सेंटर निगम के नियमों का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने दिल्ली पुलिस से भी अनुरोध किया कि वह नगर निगम के साथ मिलकर ऐसे स्थानों पर निगरानी बढ़ाए और आवश्यकता पड़ने पर कार्रवाई में सहयोग करे।
होटलों, मोटलों और बड़े प्रतिष्ठानों की भी होगी जांच
महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि दिल्ली नगर निगम के अधिकार क्षेत्र में संचालित होटल, मोटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल जैसे बड़े प्रतिष्ठानों की नियमित जांच की जाए। उन्होंने कहा कि जो संस्थान बड़ी मात्रा में कचरा उत्पन्न करते हैं, उनकी जिम्मेदारी है कि वे अपने परिसर और आसपास पूरी तरह साफ-सफाई बनाए रखें। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षकों और जनस्वास्थ्य अधिकारियों को संयुक्त रूप से निरीक्षण करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ दिल्ली बनाने के लिए सभी संस्थानों को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
ई-कार्ट नीति जल्द तैयार करने के निर्देश
बैठक में ई-कार्ट (E-Cart) को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान अधिकारियों ने अपने सुझाव और विचार महापौर के सामने रखे। महापौर प्रवेश वाही ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ई-कार्ट के लिए जल्द से जल्द स्पष्ट और प्रभावी नीति तैयार की जाए ताकि भविष्य में इस व्यवस्था को बेहतर तरीके से लागू किया जा सके। उन्होंने कहा कि नई नीति बनने से नागरिकों को सुविधाएं मिलेंगी और नगर निगम के कामकाज में भी अधिक पारदर्शिता और सरलता आएगी।
बेहतर सुविधाएं और ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस पर जोर
महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि दिल्ली की माननीय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के मार्गदर्शन में दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल नियम लागू करना ही नहीं, बल्कि लोगों को सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था देना भी है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली नगर निगम ईज़ ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार काम कर रहा है ताकि व्यापारियों, संस्थानों और आम नागरिकों को बेहतर प्रशासनिक सेवाएं मिल सकें।
दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में बड़ा कदम
बैठक में उप महापौर डॉ. मोनिका पंत, निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक रावत, डॉ. लल्लन राम वर्मा तथा दिल्ली नगर निगम के सभी 12 क्षेत्रों के उप स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े सुझाव भी प्रस्तुत किए। महापौर प्रवेश वाही ने अंत में कहा कि दिल्ली को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता के साथ काम करेगा। नियमों का पालन कराने, जनस्वास्थ्य को मजबूत बनाने, स्वच्छता बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए आने वाले समय में और भी प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।