NEWS अब तक

पश्चिम एशिया संकट में गहराते संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सऊदी अरब के क्राउन प्रिंस सह प्रधानमंत्री प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान से बात की। दोनों के बीच पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर चर्चा हुई। पीएम मोदी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘मैंने ऊर्जा के बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों को लेकर भारत के रुख को दोहराया।’पीएम मोदी ने क्षेत्रीय हालात का जिक्र करते हुए लिखा, ‘हम इस बात पर सहमत हुए कि नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करना और शिपिंग लाइनों को खुला और सुरक्षित रखना आवश्यक है। सऊदी अरब में भारतीय समुदाय के कल्याण के लिए मिल रहे निरंतर समर्थन के लिए मैंने उनका आभार भी प्रकट किया।

ऊर्जा सुरक्षा भी इस क्षेत्र से जुड़ी हुई
भारत का मानना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखना न केवल वहां के लोगों के लिए, बल्कि वैश्विक अर्थव्यवस्था और सुरक्षा के लिए भी अत्यंत आवश्यक है। इस बातचीत में यह भी चर्चा हुई कि कैसे विभिन्न देश मिलकर इस संकट का समाधान निकाल सकते हैं। भारत ने हमेशा से ही संवाद और कूटनीति के माध्यम से संघर्षों को हल करने का समर्थन किया है। पीएम मोदी पहले ही कई मौकों पर कह चुके हैं कि यह युद्ध का युग नहीं है। रूस-यूक्रेन युद्ध से लेकर अमेरिका-इस्राइल और ईरान के बीच छिड़ी जंग को लेकर भी पीएम मोदी अपनी इसी बात को दोहरा चुके हैं। गौरतलब है कि पश्चिम एशिया भारत के लिए एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक काम करते हैं। इसके साथ ही भारत की ऊर्जा सुरक्षा भी इस क्षेत्र से जुड़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *