NEWS अब तक

नई दिल्ली। 31/5

भारतीय जनता पार्टी द्वारा चलाए जा रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान के तहत दिल्ली भाजपा के सभी 14 जिलों और 252 मंडलों के प्रशिक्षण सत्र सफलतापूर्वक संपन्न हो गए। इस अभियान के अंतिम दिन चांदनी चौक और केशवपुरम जिलों में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें दिल्ली भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, संगठन महामंत्री पवन राणा, सांसद प्रवीन खंडेलवाल और कई अन्य वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। भाजपा नेताओं ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के वैचारिक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और इन्हीं कार्यकर्ताओं के दम पर पार्टी आज दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनी है।

हर्ष मल्होत्रा ने कार्यकर्ताओं को बताया भाजपा की कार्यशैली का महत्व
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा केवल चुनाव जीतने और सत्ता हासिल करने वाली पार्टी नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के उद्देश्य से कार्य करने वाला संगठन है। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने वर्ष 1964 में जिस कार्यदर्शन और विचारधारा को देश के सामने रखा था, उसी के आधार पर भाजपा की कार्यपद्धति विकसित हुई। हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल सरकार बनाना नहीं बल्कि सत्ता के माध्यम से जनता की सेवा करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के सपने को साकार करने के लिए काम कर रही है। इसके लिए अनुशासित, प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ताओं की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल है और उसके करोड़ों कार्यकर्ता देशभर में समाज सेवा के कार्यों में लगे हुए हैं। पार्टी की यह ताकत वर्षों के संघर्ष, त्याग और समर्पण का परिणाम है।

कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी पूंजी हैं
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली पहचान उसके कार्यकर्ताओं से होती है। भाजपा के कार्यकर्ता केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहते बल्कि समाज के हर वर्ग के बीच जाकर लोगों की समस्याओं को समझते और उनके समाधान का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता और सरकार के बीच सबसे मजबूत कड़ी भाजपा कार्यकर्ता ही होते हैं। यही कार्यकर्ता सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाते हैं और लोगों को उनका लाभ दिलाने का काम करते हैं। इसलिए भाजपा में कार्यकर्ता का स्थान सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।

प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाता है
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि कार्यशाला और प्रशिक्षण में बड़ा अंतर होता है। किसी विशेष विषय पर चर्चा करना कार्यशाला हो सकती है, लेकिन प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से मजबूत बनाना होता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविरों में कार्यकर्ताओं को भाजपा की विचारधारा, संगठन का इतिहास, सरकार की उपलब्धियां, मीडिया और सोशल मीडिया के उपयोग, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और जनसेवा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाती है। इससे कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे बेहतर तरीके से संगठन की जिम्मेदारियां निभा पाते हैं।

भाजपा कार्यालय जनता की समस्याओं के समाधान का केंद्र बने
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि आज दिल्ली भाजपा के सभी 14 जिलों में पार्टी के अपने कार्यालय हैं। लेकिन कार्यालय का मतलब केवल एक भवन नहीं होता। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यालय विचार, संस्कार और सेवा का केंद्र होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालयों में जनता की समस्याएं सुनी जानी चाहिए और उनके समाधान के लिए प्रयास किए जाने चाहिए। जब जनता को लगता है कि संगठन उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशील है, तभी संगठन और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है।

वीरेन्द्र सचदेवा ने दिया सफलता का 7-डी मंत्र
दिल्ली भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कार्यकर्ता विकास और संगठन की मजबूती पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता भविष्य का नेता बन सकता है, यदि वह अपने जीवन में अनुशासन और समर्पण को अपनाए। वीरेन्द्र सचदेवा ने कार्यकर्ताओं को सफलता का “7-डी फॉर्मूला” बताया। उन्होंने कहा कि ड्रीम (सपना), डिजायर (इच्छा), डायरेक्शन (दिशा), डेडीकेशन (समर्पण), डिटरमिनेशन (दृढ़ निश्चय), डिसिप्लिन (अनुशासन) और डेडलाइन (समय सीमा) का पालन करने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि संगठन में सामूहिकता का भाव बहुत जरूरी है। एक अच्छा कार्यकर्ता वही होता है जो अपने साथियों के साथ मिलकर काम करे और संगठन को परिवार की तरह समझे।

पवन राणा ने आदर्श कार्यकर्ता के गुण बताए
संगठन महामंत्री पवन राणा ने अपने संबोधन में कहा कि एक सच्चे कार्यकर्ता को कभी भी आत्मप्रशंसा और अपने संगठन के साथियों की आलोचना नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती आपसी विश्वास और अनुशासन से आती है। पवन राणा ने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को कोई शिकायत या समस्या है तो उसे संगठन के जिम्मेदार पदाधिकारियों तक पहुंचाना चाहिए। सार्वजनिक मंचों पर संगठन की आलोचना करने से संगठन कमजोर होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सकारात्मक सोच और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने की अपील की।

मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका पर भी हुआ मंथन
प्रशिक्षण शिविर में मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने वर्तमान समय में मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आज मीडिया जनमत निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है और कार्यकर्ताओं को इसका सही उपयोग करना आना चाहिए। सोशल मीडिया प्रमुख रोहित उपाध्याय ने सोशल मीडिया के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल युग में यह सबसे प्रभावशाली माध्यम बन चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया का जिम्मेदारी के साथ उपयोग करने का आह्वान किया। वहीं वरिष्ठ नेता योगेश आत्रेय और विधायक अशोक गोयल ने व्यवहारिक संवाद और जनसंपर्क के विभिन्न पहलुओं पर कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

प्रशिक्षण अभियान से संगठन को मिलेगी नई मजबूती
भाजपा नेताओं ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय महाप्रशिक्षण अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं था, बल्कि कार्यकर्ताओं को वैचारिक, संगठनात्मक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाना था। दिल्ली के सभी जिलों और मंडलों में हुए इन प्रशिक्षण सत्रों ने हजारों कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और नई दिशा देने का काम किया है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि प्रशिक्षित और जागरूक कार्यकर्ता ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकते हैं। इसी सोच के साथ आयोजित यह अभियान आने वाले समय में भाजपा को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह कार्यकर्ताओं को जनता के बीच अधिक प्रभावी ढंग से काम करने के लिए भी प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *