
मजबूत और विकसित भारत के निर्माण में अधिवक्ताओं की अहम भूमिका – कपिल मिश्रा
‘मजबूत भारत के निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका’ विषय पर हुआ विचार-विमर्श
नई दिल्ली, 30 अगस्त 2026।
दिल्ली सरकार के श्रम, कानून एवं विधि और विकास मंत्री श्री कपिल मिश्रा रविवार को रॉउस एवेन्यू कोर्ट में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी अधिवक्ताओं के साथ सामूहिक रूप से सुना गया। यह कार्यक्रम सेंट्रल दिल्ली कोर्ट बार एसोसिएशन, रॉउस एवेन्यू कोर्ट द्वारा ‘लॉयर्स फॉर डेमोक्रेसी’ के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “मजबूत भारत के निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका” रहा। कार्यक्रम में देश के विकास, न्याय व्यवस्था को मजबूत बनाने और राष्ट्र निर्माण में अधिवक्ताओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
2047 के विकसित भारत में वकीलों की बड़ी भूमिका
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और मजबूत राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में अधिवक्ताओं और कानून के क्षेत्र से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि वकील केवल अदालतों में लोगों को न्याय दिलाने का काम नहीं करते, बल्कि वे समाज और देश के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। कपिल मिश्रा ने कहा कि देश में तेजी से सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं। विकास के साथ-साथ न्याय व्यवस्था को मजबूत करना भी जरूरी है। ऐसे में कानून के क्षेत्र से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कानून और न्याय से जुड़े विषयों पर लगातार चर्चा और संवाद होना चाहिए। इससे समाज में कानून के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और लोगों का न्याय व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत होगा।
अधिवक्ताओं के साथ सुनी ‘मन की बात’
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कपिल मिश्रा ने रॉउस एवेन्यू कोर्ट की बार टीम और अन्य अधिवक्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना।
‘मन की बात’ के बाद मंत्री कपिल मिश्रा ने कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों में किए जा रहे अच्छे कार्यों और लोगों की उपलब्धियों को सामने लाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है।
नशा मुक्त युवा अभियान पर जोर
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा मुक्त युवा अभियान को आगे बढ़ाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग को अपनी भूमिका निभानी होगी। खासतौर पर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाना और परिवार, समाज तथा संस्थाओं को मिलकर काम करना जरूरी है। कपिल मिश्रा ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार और ड्रग नेटवर्क के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने के लिए युवाओं में जागरूकता पैदा करना और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है।
PM SVANidhi योजना से महिलाओं को मिला आत्मनिर्भर बनने का अवसर
मंत्री कपिल मिश्रा ने प्रधानमंत्री द्वारा ‘मन की बात’ में PM SVANidhi योजना का उल्लेख किए जाने की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से लगभग 35 लाख महिलाओं को अपने छोटे व्यवसाय और रोजगार को आगे बढ़ाने का अवसर मिला है। कपिल मिश्रा ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए केंद्र सरकार की कई योजनाएं काम कर रही हैं। इन योजनाओं से महिलाओं को अपना रोजगार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होती हैं तो इसका लाभ पूरे परिवार और समाज को मिलता है। महिलाओं की आत्मनिर्भरता देश की आर्थिक और सामाजिक प्रगति के लिए भी महत्वपूर्ण है।
नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष पूरे होने को लेकर उत्साह – कपिल मिश्रा
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हेड ऑफ द स्टेट के रूप में 25 वर्ष पूरे होने को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सेवा, संकल्प और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। कपिल मिश्रा ने कहा कि देश की प्रगति के लिए सरकार के साथ-साथ आम लोगों की भागीदारी भी जरूरी है। जब नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं तो देश विकास की दिशा में और तेजी से आगे बढ़ता है।
‘मन की बात’ जनता से संवाद का प्रभावी माध्यम
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे सकारात्मक कार्यों को सामने लाने का काम करता है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छा काम करने वाले लोगों और उनकी उपलब्धियों की जानकारी देशभर के लोगों तक पहुंचती है। इससे दूसरे लोगों को भी बेहतर काम करने की प्रेरणा मिलती है। कपिल मिश्रा ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल प्रधानमंत्री का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह देश के लोगों के साथ लगातार संवाद का एक प्रभावी माध्यम भी है। इसके जरिए सेवा, संकल्प, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जाता है। अधिवक्ताओं ने भी रखे अपने विचार
रॉउस एवेन्यू कोर्ट में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने हिस्सा लिया। अधिवक्ताओं ने मजबूत भारत के निर्माण में कानून और न्याय के क्षेत्र की भूमिका पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम में इस बात पर जोर दिया गया कि देश में कानून का शासन मजबूत होना चाहिए और आम लोगों को समय पर न्याय मिलना जरूरी है। साथ ही अधिवक्ताओं से समाज के कमजोर वर्गों और जरूरतमंद लोगों तक न्याय की पहुंच आसान बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
राष्ट्र निर्माण में सभी की भागीदारी जरूरी
मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा कि मजबूत और विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार के प्रयासों से नहीं हो सकता। इसके लिए समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता, युवा, महिलाएं और आम नागरिक सभी देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सेवा, जिम्मेदारी, कानून का सम्मान और जनभागीदारी को आगे बढ़ाना होगा। यही प्रयास भारत को एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने में मदद करेंगे।