Skip to main content

NEWS अब तक

आईसीसी ने बांग्लादेश को आइना दिखाते हुए टी20 विश्व कप 2026 से बाहर कर दिया है। शनिवार को आईसीसी ने आधिकारिक पत्र जारी कर बांग्लादेश को बाहर करने का फैसला सुनाया। चार जनवरी से चले आ रहे हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को बड़ा झटका लगा है। इससे बोर्ड के साथ-साथ वहां के खिलाड़ियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड को आधिकारिक तौर पर जानकारी दे दी है कि उन्हें टी20 विश्व कप से बाहर किया जा चुका है और स्कॉटलैंड से रिप्लेस किया गया है। बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप में भारत का दौरा करने से मना किया था और सुरक्षा कारणों का हवाला दिया था। यह पूरा मामला मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से बाहर करने के बाद उठा था।

अमीनुल इस्लाम बुलबुल को एक ईमेल भेजा गया
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, वरिष्ठ आईसीसी अधिकारियों में अध्यक्ष जय शाह सहित कई अधिकारी शुक्रवार को दुबई में थे और देर शाम बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल को एक ईमेल भेजा गया, जिसमें वैश्विक संस्था का निर्णय बताया गया। आईसीसी के एक सूत्र ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को गोपनीयता की शर्त पर बताया, ‘पिछली शाम एक ईमेल बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन को भेजा गया, जिसमें सूचित किया गया कि 24 घंटे की जो डेडलाइन उन्हें भारत आने पर फैसला करने के लिए दी गई थी, उस पर बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर आईसीसी को जवाब नहीं दिया। इसलिए निर्णय लिया जा चुका है।’

उन्हें जल्द सूचना दे दी जाएगी
सूत्र ने आगे कहा, ‘बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने वैश्विक संस्था को आधिकारिक रूप से सूचित करने से पहले ढाका में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी, जो प्रोटोकॉल का उल्लंघन है। उन्हें साफ तौर पर बताया गया कि उन्हें रिप्लेस किया जा रहा है।’ बांग्लादेश के खेल मंत्रालय के सलाहकार आसिफ नजरुल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत की यात्रा नहीं करने की बात कही थी, जबकि आईसीसी की ओर से बार-बार सुरक्षा को लेकर आश्वासन दिया गया था। उधर क्रिकेट स्कॉटलैंड ने कहा है कि उन्हें अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं मिली है, लेकिन माना जा रहा है कि यह सिर्फ समय की बात है और उन्हें जल्द सूचना दे दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *