
समीर रिजवी के शानदार प्रदर्शन की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई इंडियंस को छह विकेट से हरा दिया। दिल्ली ने इस सीजन लगातार दूसरी जीत दर्ज की है। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 162 रन बनाए थे। जवाब में दिल्ली ने समीर रिजवी के 90 रन की पारी के दम पर 18.1 ओवर में चार विकेट पर 164 रन बनाकर अपने नाम किया। समीर इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर खेलने उतरे थे और उन्होंने लगातार दूसरे मैच में प्रभाव छोड़ा। उत्तर प्रदेश के मेरठ से आने वाले समीर रिजवी ने आईपीएल 2024 के ऑक्शन में कमाल दिखाया था। दाएं हाथ के इस बल्लेबाज को चेन्नई सुपर किंग्स ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। इस ऑक्शन से पहले तक शायद ही कोई समीर को जानता था, लेकिन नीलामी में करोड़पति बन इस खिलाड़ी ने तहलका मचा दिया था। हालांकि, एक साल बाद ही चेन्नई ने उन्हें रिलीज कर दिया था। इसके बाद वह 2025 में दिल्ली में गए और इस सीजन भी दिल्ली के लिए ही खेल रहे हैं।
परिवार मेरठ ही शिफ्ट हो गया
समीर को यूपी की टीम में उनकी बल्लेबाजी के लिए दाएं हाथ सुरेश रैना 2.0 कहा जाता है। समीर ने अपने क्रिकेट करियर में सिर्फ यूपी ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी आयोजित कई टूर्नामेंट, ट्रॉफी खेलीं। उन्होंने हर जगह अपनी शानदार बल्लेबाजी का कमाल दिखाया। उन्हें आईपीएल 2025 से पहले ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 95 लाख रुपये में साइन किया था। समीर रिजवी पांच साल की उम्र से क्रिकेट की बारीकियां सीख रहे हैं। साल 2023 में यूपी लीग में उन्होंने 35 छक्के लगाए थे। इसके बाद से वह सिक्सर किंग के नाम से मशहूर हो गए। मूल रूप से लोईया गांव के रहने वाले पिता हसीन ने समीर गांधीबाग में कोचिंग के लिए भेजा था। गांधीबाग में समीर के मामा तनकीब अख्तर कोचिंग कराते हैं। उन्होंने समीर को क्रिकेट का क, ख, ग सिखाया। बाद में बेटे की वजह से परिवार मेरठ ही शिफ्ट हो गया। फिलहाल लालकुर्ती में रहता है।